Homeमध्यप्रदेशबैतूल में एक ही परिवार के तीन सदस्य बेहोश मिले:18 वर्षीय युवक...

बैतूल में एक ही परिवार के तीन सदस्य बेहोश मिले:18 वर्षीय युवक की मौत; कॉल रिसीव न करने पर बेटी ने सहेली को घर भेजा था

बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन सदस्य संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश पाए गए। इस घटना में 18 वर्षीय प्रदीप शिवशंकर साहू की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। मां को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, और पिता का उपचार आइसोलेशन वार्ड में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप की बहन, जिसकी शादी मुल्ताई में हुई है, ने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। लंबे समय तक संपर्क न होने पर उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने अपनी एक सहेली को घर जाकर स्थिति देखने के लिए कहा। जब सहेली मौके पर पहुंची, तो उसने घर के अंदर प्रदीप, उसकी मां और पिता को बेहोशी की हालत में पाया। सूचना मिलने पर तीनों को तत्काल घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रदीप ने दम तोड़ दिया। जहर खाने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही घोड़ाडोंगरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना प्रभारी जयपाल इवनाती ने बताया कि यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और गंभीर बीमारी से जुड़ा है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो सकता है, हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई भोजन सामग्री बरामद नहीं हुई है, जिससे फूड पॉइजनिंग की संभावना काफी कम हो जाती है। वहीं, किसी भी प्रकार का जहरीला पदार्थ भी मौके से नहीं मिला है। इसके बावजूद, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
मृतक प्रदीप के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया है। प्रारंभिक मेडिकल संकेतों के आधार पर जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका व्यक्त की गई है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। जांच दल के सदस्य किशनलाल सेलू ने बताया कि घटनास्थल से न तो कोई संदिग्ध खाद्य सामग्री मिली और न ही कोई ऐसा पदार्थ मिला जिससे तत्काल घटना के कारण का पता चल सके। पुलिस परिवार की पृष्ठभूमि, हालात और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। भर्ती महिला बोले- किसी से विवाद तक नहीं
उधर जिला अस्पताल में भर्ती महिला ने पुलिस को प्रारंभिक जानकारी में बताया है कि उनका परिवार सामान्य और खुशहाल जीवन जी रहा था। किसी से कोई विवाद या दुश्मनी भी नहीं थी। इससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है। मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. रोहित पराते के अनुसार फिलहाल मामला पूरी तरह संदिग्ध है। महिला और पुरुष दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उनके होश में आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, दुर्घटनावश विषाक्त पदार्थ सेवन, फूड पॉइजनिंग तथा अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पूरे मामले की सच्चाई विसरा रिपोर्ट और अस्पताल में भर्ती दोनों मरीजों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here