मध्य प्रदेश के धार जिले में जामा मस्जिद के सदर के बेटे और युवा उद्यमी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले पिता को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, फिर उसके दो बेटों पर लाठी-डंडों और बैट से हमला किया। घायल बेटे सलमान खान की इंदौर के चोइथराम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सागौर निवासी शमशुद्दीन पटेल पर 30 मई को हमला हुआ था। मस्जिद के पास रहने वाले बदमाशों ने उनकी पिटाई की। वारदात के बाद शमशुद्दीन ने अपने बेटों सलमान खान और भूरा पटेल को सूचना दी। दोनों मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी जमकर पीटा। घटना का VIDEO भी सामने आया है। मृतक के पिता शमशुद्दीन पटेल ने कहा- “ये सभी आरोपी देशद्रोही हैं। इन पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो। इनके मकानों पर बुलडोजर चलना चाहिए। निहत्थे बेटों को आरोपियों ने मार डाला।” सलमान खान की मौत के बाद इलाके में तनाव सलमान खान की मौत की खबर के बाद सागौर इलाके में तनाव फैल गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। ये तस्वीरें देखिए… सफाईकर्मी नौशाद को काम से हटाने के बाद विवाद पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत जामा मस्जिद के सफाईकर्मी नौशाद को काम से हटाने के मुद्दे से हुई थी। घटना वाले दिन जामा मस्जिद के सदर शमशुद्दीन पटेल नमाज पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते खूनी संघर्ष में बदल गया। मुझपर और बच्चों पर षड्यंत्र रचकर हमला किया गया था वारदात के बाद शमशुद्दीन पटेल ने बताया- “30 मई को मुझपर और बच्चों पर षड्यंत्र रचकर हमला किया गया था। मैं तो सिर्फ नमाज पढ़ने गया था, लेकिन पहले उन्होंने मुझे घेरा औरजानलेवा हमला किया। मैं जान बचाने के लिए भागकर मस्जिद में छुपा। अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।” उन्होंने बताया कि भागते समय आरोपियों ने उन्हें लाठियों और घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। इसके बाद बेटों को सूचना दी गई कि उनके पिता को घेर लिया गया है। सूचना मिलते ही दोनों बेटे गाड़ी से मौके पर पहुंचे, लेकिन वे गाड़ी से उतर भी नहीं पाए थे कि पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। अंतिम संस्कार करने से परिवार ने किया इनकार सलमान खान की मौत के बाद परिवार का आक्रोश बढ़ गया। परिवार ने शव वाहन से डेडबॉडी उतारने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। हालांकि, समझाइश के बाद सुपुर्द-ए-खाक किया गया। माहौल बिगड़ता देख सीएसपी रवि सोनेर और मजिस्ट्रेट राहुल गायकवाड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। VIDEO में दिखाई दे रहे उपद्रवियों की पहचान कर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया धार एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि घेराबंदी कर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सादीक (29), सईद (33), सलीम (37) और सलाम (35) शामिल हैं। चारों हातम खां के बेटे हैं और जामा मस्जिद के पास रहते हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाठियां और क्रिकेट बैट बरामद किए हैं। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। मामले के दो अन्य आरोपी मुजाहिद और नौशाद अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
