मंदसौर में 2 दिन से लापता 14 वर्षीय बालिका का शव गुरुवार रात कुएं में मिला। बालिका की मौत के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया। शुक्रवार दोपहर परिजनों और समाजजनों ने महू–नीमच 4 लेन हाइवे स्थित सरसोद फंटे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाए और आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए। चक्काजाम के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। युवक पर परिजनों ने हत्या दुष्कर्म का आरोप लगाया
बालिका 2 दिन से लापता थी और उसका शव गुरुवार देर रात गांव के एक कुएं से बरामद किया गया था। वह मंगलवार सुबह घर से खेत जाने के लिए निकली थी, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी और एक युवक अनिल मालवीय पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। इसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर कुएं में बालिका के होने की जानकारी मिली। इसके बाद मौके पर पहुंचकर कुएं का पानी मोटर लगाकर खाली कराया गया और कई घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। परिजन 24 किलोमीटर ट्रैक्टर में रखकर शव लाए गुरुवार देर रात शव जिला अस्पताल पहुंचने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लाए जाने को लेकर सवाल उठे। परिजनों का आरोप है कि मौके पर पुलिस वाहन मौजूद था, लेकिन शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली से लाया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि एंबुलेंस केवल मरीजों के लिए होती है और पुलिस वाहन में शव रखने की जगह नहीं थी, इसलिए ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था की गई। महू–नीमच 4 लेन पर वाहनों की कतार लगी
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद शुक्रवार को आक्रोश बढ़ गया। परिजन और समाजजन सरसोद फंटे पर शव रखकर धरने पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी हत्या और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और पांच थानों की पुलिस तैनात है और लोगों को समझाने का प्रयास जारी है। देखें तस्वीरें…
