सारंगपुर पुलिस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में डिगवाड़ के रहने वाले कांग्रेस नेता और आईटी सेल जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को हिंदू समाज और संघ कार्यकर्ताओं के विरोध जताने और ज्ञापन सौंपने से पहले ही कर दी गई। यह पूरा मामला फेसबुक पर की गई एक पोस्ट से जुड़ा है। आरोप है कि रघुवीर सिंह चंदेल ने फेसबुक पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि अगर आपके घर का कोई सदस्य आरएसएस की शाखा में नमस्ते वत्सले वगैरह का जाप कर रहा है तो समझिए कि वो आतंकवादी बनने की ट्रेनिंग ले रहा है; ऐसा एक आरएसएस के पूर्व प्रचारक का कहना है, उसका कहना है कि उसने मोहन भागवत के कहने पर कई बम विस्फोट किए। अभी भी वक्त है जागो और इन अंग्रेजों के एजेंटों को पहचानो ये देशभक्ति के नाम पर केवल साम्प्रदायिक दंगे फैलाकर राजनीतिक रोटी सेंकते हैं हिंदुत्व के नाम पर। साध्य कमेंट बॉक्स में संलग्न है। थाने पहुंचे कार्यकर्ता, कार्रवाई की मांग की शुक्रवार को हिंदू समाज और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े कार्यकर्ता सारंगपुर थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि इस टिप्पणी से संघ कार्यकर्ताओं के साथ-साथ हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश की गई है। अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं ज्ञापन सौंपने आए लोगों ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी संगठन, धर्म या समुदाय के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल मंजूर नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ये लोग रहे मौजूद इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष ध्रुव भल्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष महेश पुष्पद, अधिवक्ता पर्वत सिंह मंडलोई, सुशील व्यास, जुगल किशोर दुबे, निकेश पुष्पद, नवीन रुण्डवाल, अनिल बारकिया समेत बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और संघ के स्वयंसेवक मौजूद थे। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
