सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत का मामला गुरुवार को सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में शासकीय विद्यालय के शिक्षक कृष्ण कुमार नायक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती 29 मई को तब हुई जब कक्षा नौवीं की छात्रा द्वितीय अवसर की पूरक परीक्षा का प्रवेश पत्र लेने विद्यालय पहुंची थी। बताया जा रहा है कि उस समय विद्यालय परिसर में अधिक भीड़भाड़ नहीं थी। इसी दौरान आरोपी शिक्षक कृष्ण कुमार नायक ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया। इसके बाद करीब सात दिनों तक इस मामले की जांच चलती रही। घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बंडोल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोपी को किया गिरफ्तार शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी सामने आए, जिन्हें पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध फुटेज और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी शिक्षक को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फुटेज के आधार पर पड़ताल शुरू बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने गुरुवार शाम 7:30 बजे बताया कि मामले की जांच संवेदनशीलता के साथ की जा रही है। पीड़िता के बयान और सीसीटीवी फुटेज जांच के महत्वपूर्ण आधार हैं। सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है ताकि तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट हो सके। अभिभावक नाराज, प्रबंधन चुप इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, विद्यालय प्रबंधन ने फिलहाल मामले पर विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
