ग्वालियर में नवग्रह मंदिर की पहाड़ी पर एक 15 वर्षीय नाबालिग के साथ हैवानियत, सौदेबाजी और फिर हत्या का मामला सामने आया है। नाबालिग के बॉयफ्रेंड ने अपने साथी के साथ मिलकर पहले उससे गैंगरेप किया, फिर उसे 50 हजार रुपए में बेचने का सौदा करने लगा। जब लड़की ने इसका विरोध किया तो गुस्साए बॉयफ्रेंड ने दोस्त के साथ मिलकर उसका गला घोंट दिया। घटना 28 मई की है। हत्या के करने के बाद शव वहीं फेंक कर भाग आए। पकड़े जाने के डर से आरोपी अगले दिन 29 मई को फिर घटना स्थल पर पहुंचे और लाश पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जला भी दिया। नाबालिग भिंड जिले के मौ की रहने वाली थी। वहां गुमशुदगी दर्ज हुई और पुलिस ने संदेही बॉयफ्रेंड को पकड़ा तो मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। सोमवार (1 जून) को पुलिस मौके से नाबालिग का जला हुआ शव बरामद कर लिया है। प्रेम प्रसंग का झांसा देकर ‘बुलेट’ से लाया था ग्वालियर
जनकगंज थाना पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा का इलाके के ही रहने वाले रामू गुर्जर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 28 मई को रामू गुर्जर बहला-फुसलाकर नाबालिग को अपनी बुलेट पर बैठाकर ग्वालियर ले आया। इस साजिश में रामू का एक अन्य साथी अरुण भी उसके साथ शामिल था। गैंगरेप के बाद ₹50 हजार में बेचने की थी तैयारी
आरोपी रामू गुर्जर और अरुण नाबालिग को लेकर जनकगंज थाना क्षेत्र में स्थित नवग्रह मंदिर के ऊपर पहाड़ी पर सुनसान जगह लेकर पहुंचे। यहां दोनों आरोपियों ने नाबालिग के साथ गैंगरेप किया। नाबालिग ने विरोध किया तो उससे मारपीट की गई। वह रोने लगी और घर छोड़ने की बात कहने लगी। दरिंदगी की हद तो तब हो गई जब गैंगरेप के बाद मुख्य आरोपी रामू गुर्जर अपनी ही प्रेमिका को अपने साथी अरुण को 50 हजार रुपए में बेचने का सौदा करने लगा। नाबालिग ने जब अपनी आंखों के सामने खुद की अस्मत का यह सौदा होते देखा, तो उसने रोते हुए इसका पुरजोर विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की। गला घोंटकर की हत्या; अगले दिन लाश को पेट्रोल से फूंका
नाबालिग के विरोध से बौखलाए रामू गुर्जर और अरुण ने मिलकर पहाड़ी पर ही मासूम का गला घोंट दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को झाड़ियों में छिपाकर भाग निकले। हत्या के अगले दिन 29 मई आरोपियों ने शव को पूरी तरह ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। इस बार रामू और अरुण अपने एक और साथी गौरव कुशवाह को साथ लेकर दोबारा नवग्रह मंदिर की पहाड़ी पर पहुंचे। आरोपियों ने पहचान छुपाने और सबूत मिटाने की नीयत से मृतका के शव पर पेट्रोल उड़ेला और आग लगा दी। शव को आधा जलाकर तीनों आरोपी शहर से फरार हो गए। कॉल रिकॉर्ड्स सामने रखे, तब टूटा बॉयफ्रेंड
इधर, नाबालिग को घर से गायब देख परेशान परिजन ने मौ थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजन ने पुलिस के सामने रामू गुर्जर पर संदेह व्यक्त किया था क्योंकि वह अक्सर लड़की के आसपास देखा जाता था। ग्वालियर और मौ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदेही रामू गुर्जर को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और कॉल रिकॉर्ड्स सामने रखे, तो वह टूट गया और उसने पहाड़ी पर गैंगरेप, सौदेबाजी और हत्या की पूरी खौफनाक कहानी बयां कर दी। सीएसपी ने कहा- आरोपी हिरासत में, पहाड़ी से जुटाए साक्ष्य सीएसपी लश्कर किरन अहिरवार ने बताया- आरोपी रामू गुर्जर की निशानदेही पर जनकगंज पुलिस टीम नवग्रह मंदिर के ऊपर स्थित पहाड़ी पर पहुंची, जहां से मृतका का अधजला और क्षत-विक्षत शव बरामद कर लिया है। पिता करते रहे बेटी के लौटने का इंतजार पीड़िता के पिता ने बताया कि बेटी घर से बाहर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की तो घर से कुछ जेवर और नकदी भी गायब मिली। इसके बाद अगले दिन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिवार को बाद में जब बेटी की हत्या की जानकारी मिली तो उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता ने कहा कि जिस बेटी को उन्होंने बड़े प्यार से पाला था, उसे आरोपियों ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
