शाजापुर में रविवार रात करीब 9:40 बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन मुख्यमंत्री के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर की गई एक टिप्पणी के जवाब में किया गया। मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी शाजापुर जिले के शुजालपुर में एक जनसभा के दौरान की थी। उन्होंने कहा था कि “हां, हम तो अभिनंदन लाल हैं, तुम टपोरी लाल हो।” मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश में विकास की बयार चल रही है, लेकिन कांग्रेस उसका भी विरोध कर रही है। उन्होंने जीतू पटवारी को निशाने पर लेते हुए कहा कि ऐसा प्रदेशाध्यक्ष नहीं देखा, जिसके कार्यकाल में इंदौर लोकसभा सीट का उम्मीदवार चुनाव मैदान छोड़कर भाग जाए। पुतला दहन की योजना काफी गोपनीय रखी गई थी और इसकी पूर्व सूचना किसी को नहीं दी गई थी। यही कारण रहा कि जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक पुतला पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। बयानों पर जताई आपत्ति प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री की भाषा को अनुचित बताया। पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इरशाद खान ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर रहते हुए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना शोभा नहीं देता। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश्वर सिंह प्रताप ने इस बयान को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। प्रदेश स्तर पर आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जीतू पटवारी जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनके खिलाफ ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि शाजापुर से शुरू हुआ यह विरोध आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में फैलाया जाएगा और जगह-जगह प्रदर्शन किए जाएंगे।
