अबकी बार नौतपा में मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी-हीटवेव (लू) की बजाय आंधी-बारिश और ओले गिर रहे हैं। नौतपा के छठें दिन शनिवार को 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। भोपाल के कुछ इलाकों में रविवार सुबह बूंदाबांदी हुई। शनिवार रात 12:30 बजे से तड़के 3 बजे तक तेज हवाएं चलीं, इस दौरान कई इलाकों में बिजली भी गुल रही। पूरे प्रदेश में कहीं ओले तो कहीं बारिश होने का अनुमान है। 40 से 60Km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के अनुसार, 8 जिले- देवास, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, छतरपुर, कटनी, मैहर, उमरिया और शहडोल में भारी बारिश, ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि बाकी 47 जिलों में भी गरज-चमक, आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। कहीं भी लू चलने की चेतावनी नहीं है। इस साल मई में पहली बार होगा, जब प्रदेश के सभी जिलों में तेज गर्मी नहीं पड़ेगी। मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले नौतपा के दौरान सेहत का ख्याल रखने वाली ये खबर पढ़ लीजिए… जरूरत की खबर- गर्मियों में स्किन इन्फेक्शन: धूप, उमस और पसीने से बढ़ता स्किन रैश, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें बचाव के 10 टिप्स नौतपा में देश के कई हिस्सों में तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया है। हाई टेम्परेचर और ह्यूमिडिटी बैक्टीरिया और फंगस के पनपने के लिए अनुकूल माहौल बनाते हैं। इससे दाद, खुजली और रैशेज जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते लक्षणों को पहचानकर बचाव के सही उपाय किए जाएं। पूरी खबर पढ़ें… दो दिन से प्रदेश के आधे हिस्से में बारिश का दौर बता दें कि पिछले दो दिन से सिस्टम की स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी देखने को मिल रही है। शुक्रवार शाम से शनिवार की रात तक प्रदेश के आधे हिस्से में बारिश का दौर बना रहा। टीकमगढ़ में सवा इंच पानी गिर गया। दतिया में आधा इंच और नौगांव में पौन इंच पानी गिरा। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर, धार, गुना, रतलाम, उज्जैन, दमोह, खजुराहो, रीवा, सागर, सतना, उमरिया, खरगोन, शिवपुरी, डिंडौरी, मंदसौर, खंडवा, शाजापुर, देवास, झाबुआ, टीकमगढ़, मुरैना, बैतूल, बालाघाट, श्योपुर में भी बारिश का दौर जारी रहा। श्योपुर में ओले भी गिरे। देखिए भोपाल के मौसम की 2 तस्वीरें… दतिया-नौगांव में तीन दिन में 12 डिग्री पारा लुढ़का प्रदेश में दिन के तापमान में खासी गिरावट हुई है। तीन-चार दिन पहले तक छतरपुर का नौगांव प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर था, लेकिन यहां पर पारे में 12 डिग्री तक की गिरावट हुई है। 27 मई को नौगांव में पारा 46.6 डिग्री पहुंच गया था, जो शनिवार को 35.5 डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के 20 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। 5 बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 35.6 डिग्री, जबलपुर में 38.2 डिग्री, इंदौर में 38.8 डिग्री, उज्जैन में 39 डिग्री और भोपाल में 40 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे गर्म नरसिंहपुर रहा। यहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजगढ़ में 42 डिग्री पहुंच गया। वहीं, नर्मदापुरम, गुना, सागर, रतलाम, बैतूल, छिंदवाड़ा, धार, उमरिया, श्योपुर, सिवनी, सतना, रीवा, खजुराहो, पचमढ़ी और दतिया में 40 डिग्री से कम ही रहा। देखिए… शनिवार को एमपी में बारिश और बिजली गिरने की तस्वीरें 25 मई से शुरू हुआ नौतपा, पहले दिन से बढ़ी भीषण गर्मी 25 मई से नौतपा की शुरुआत हुई है। पहले ही दिन से प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हुआ। 18 मई से ही खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म बने हुए हैं। इस अवधि में यहां अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 47 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई को सभी जिलों में बारिश का दौर रहेगा। भोपाल में हर साल नौतपा में बारिश भोपाल में 14 साल में 7 बार नौतपा के दौरान बारिश दर्ज हुई, जबकि 2 बार बूंदाबांदी हुई। इस बार शुरुआत में ही बूंदाबांदी हो गई। 2018 और 2019 में सबसे ज्यादा तपिश रही, जब औसत तापमान 43 से ऊपर पहुंचा था। इस बार भी बादल, बारिश और तेज आंधी वाला मौसम छाया हुआ है। आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट मैप से समझें…4 दिन ऐसा रहेगा मौसम मौसम विभाग ने 31 मई से 3 जून तक के लिए मौसम का फोरकास्ट जारी किया है। इसके अनुसार, रविवार को पूरे प्रदेश में आंधी, बारिश का अलर्ट है। वहीं, कुछ जिलों में लू भी चलेगी। 31 मई से हीटवेव का अलर्ट नहीं है। मई में MP के 5 बड़े शहरों में ऐसा ट्रेंड भोपाल में गर्मी के साथ बारिश भी भोपाल में मई में तेज गर्मी के साथ बारिश का ट्रेंड भी रहा है। यहां 2016 में तापमान रिकॉर्ड 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 2014 से 2023 तक हर साल मई में बारिश दर्ज की गई। 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। इस बार भी मई में बारिश का अलर्ट है। इंदौर में 2023 में गिरा था 3 इंच पानी इंदौर में मई में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई 1994 को यहां रिकॉर्ड 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मई में मौसम बदलने के साथ बादल और बौछारें भी होती हैं। पिछले साल करीब 3 इंच बारिश हुई थी। यहां 2014 से 2023 के बीच 9 बार मई में बारिश हो चुकी है। ग्वालियर में 48 डिग्री के पार पहुंच चुका पारा ग्वालियर में प्रदेश के अन्य बड़े शहरों की तुलना में ज्यादा गर्मी पड़ती है। 10 साल में यहां तापमान एक बार 47 डिग्री और तीन बार 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को यहां रिकॉर्ड 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौसम में बदलाव के कारण मई में ग्वालियर में बारिश भी होती है। 17 मई 1953 को 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 2023 में भी यहां ढाई इंच पानी गिरा था। जबलपुर में 3 बार 45 डिग्री पार कर चुका तापमान जबलपुर में 25 मई 1954 को तापमान रिकॉर्ड 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 10 साल में तीन बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार गया है। मई में यहां बारिश का ट्रेंड भी रहा है। 2014 से 2023 तक हर साल इस महीने बारिश हुई। जबलपुर में 2021 की मई में 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी, जबकि पिछले साल करीब 2 इंच पानी गिरा था। उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड उज्जैन में मई में गर्मी और बारिश दोनों का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को यहां तापमान रिकॉर्ड 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। 2014 से 2023 के बीच एक बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार गया। हालांकि, पिछले साल तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नहीं पहुंचा। मई में यहां बारिश भी होती है। पिछले साल करीब पौन इंच पानी गिरा था।
