Homeविदेशवर्ल्ड अपडेट्स:जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री की दिल्ली में बैठक, रूबियो बोले-...

वर्ल्ड अपडेट्स:जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री की दिल्ली में बैठक, रूबियो बोले- हम भारत के रणनीतिक साझेदार

एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी और ग्लोबल मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक के दौरान रूबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका सिर्फ सहयोगी देश नहीं हैं, बल्कि रणनीतिक साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों तक फैले हुए हैं। रूबियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच पहले से मजबूत साझेदारी मौजूद है और अब इसे आगे और मजबूत बनाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने भारत और अमेरिका को दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र बताते हुए कहा कि दोनों देशों के कई साझा हित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग सिर्फ एशिया तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के अन्य क्षेत्रों में भी साथ काम करने की संभावनाएं हैं। वहीं जयशंकर ने कहा कि मौजूदा समय काफी जटिल है, लेकिन मजबूत साझेदार होने के नाते दोनों देश खुलकर और सकारात्मक बातचीत करने में सक्षम हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… रूस ने यूक्रेन पर 50 मिसाइल और 700 ड्रोन दागे, राजधानी कीव के हर इलाके में धमाका रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों पर बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला किया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस ने यूक्रेन की तरफ 50 से ज्यादा मिसाइलें और 700 से अधिक ड्रोन दागे। इनमें ज्यादातर का निशाना कीव शहर था। इसे पिछले एक साल के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया जा रहा है। स्थानीय पत्रकारों ने बताया कि रात करीब 1 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक लगातार जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। हमले के दौरान पूरे यूक्रेन में एयर रेड अलर्ट जारी किया गया। यूक्रेनी वायुसेना ने कहा कि बड़ी संख्या में मिसाइलें और ड्रोन राजधानी की तरफ बढ़ रहे थे। कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने कहा कि शहर के लगभग हर इलाके में नुकसान दर्ज किया गया है। कई रिहायशी इमारतों, घरों, सुपरमार्केट, शॉपिंग सेंटर, ऑफिस, गोदाम और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। कुछ इमारतों के कई फ्लोर पूरी तरह ढह गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कीव के अलावा आसपास के कई इलाकों में भी हमले हुए हैं। कई जगह आग लग गई और राहत-बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले से पहले चेतावनी दी थी कि रूस बड़ा हमला करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की थी। हमले के बाद पोलैंड ने भी अपने और सहयोगी देशों के लड़ाकू विमान अलर्ट पर भेजे ताकि उसके हवाई क्षेत्र की सुरक्षा की जा सके। मेटा के पूर्व इंजीनियर ने भेदभाव का आरोप लगाया, कहा- छंटनी में गैर-चीनी कर्मचारियों को टारगेट किया गया फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा के एक पूर्व इंजीनियर ने कंपनी पर नस्लीय भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए हैं। जेरेमी बर्नियर नाम के इंजीनियर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा पोस्ट लिखकर अपने अनुभव साझा किए। उन्हें हाल ही में कंपनी की छंटनी में नौकरी से निकाल दिया गया था। बर्नियर का दावा है कि उनकी टीम में लगभग 90% कर्मचारी चीनी थे और गैर-चीनी कर्मचारियों को अक्सर अलग-थलग महसूस कराया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम में गैर-चीनी कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाया गया और छंटनी में भी उन्हें ज्यादा निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि जिन 7 कर्मचारियों को उन्होंने अपनी टीम में नौकरी जाते देखा उनमें से 6 गैर-चीनी थे। बर्नियर ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी टीम में ज्यादातर बातचीत मंदारिन भाषा में होती थी, जिससे बाकी लोग खुद को टीम से कटा हुआ महसूस करते थे। उनके मुताबिक, मीटिंग्स भले ही अंग्रेजी में होती थीं, लेकिन मीटिंग खत्म होते ही लोग तुरंत मंदारिन में बात करने लगते थे। उन्होंने लिखा, मैं एक-दो बातचीत की बात नहीं कर रहा, बल्कि लगभग हर बातचीत मंदारिन में होती थी। 10 से ज्यादा लोग मंदारिन में बात करते थे और दो गैर-चीनी कर्मचारी कुछ समझ नहीं पाते थे। बर्नियर ने अपने अनुभव की तुलना चीन की कंपनी हुआवेई से करते हुए कहा कि अगर वहां किसी दूसरी भाषा का इतना ज्यादा इस्तेमाल होता, तो चीन के लोग नाराज हो जाते। फिलीपींस में 9 मंजिला इमारत गिरी, कई मजदूर मलबे में फंसे फिलीपींस में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। राजधानी मनीला के उत्तर में स्थित एंजेलिस सिटी में बन रही 9 मंजिला इमारत अचानक गिर गई। यह हादसा तड़के उस समय हुआ जब इलाके में तेज तूफान और बारिश हो रही थी। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय इमारत में काम कर रहे 22 मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अन्य मजदूर अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी और सरकारी कर्मचारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहा है। पुलिस अधिकारी जेस मेंडेज ने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि कितने मजदूर लापता हैं। अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। व्हाइट हाउस के पास फायरिंग, ट्रम्प अंदर मौजूद थे:सुरक्षाबलों ने संदिग्ध को गोली मारी, मौत अमेरिका के वॉशिंगटन में शनिवार को एक संदिग्ध शख्स ने व्हाइट हाउस के पास करीब 30 राउंड फायरिंग की। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस के संदिग्ध हमलावर ने सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर गोलियां चलाईं, जहां US सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे। अफसरों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर को गोली लगी। हॉस्पिटल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। इस गोलीबारी में एक आम नागरिक भी गोली लगने से घायल हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि उसे हमलावर की गोली लगी या जवाबी फायरिंग के दौरान चोट पहुंची। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना से कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रम्प की बेटी को भी हत्या की धमकी मिली थी। इस मामले में एक इराकी युवक को गिरफ्तार किया गया था। वह ईरानी सेना से जुड़ा हुआ था। आरोपी के पास इवांका और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित घर का ब्लूप्रिंट यानी नक्शा भी मिला था। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here