Homeमध्यप्रदेशबाइक चलाते हुए फेसबुक लाइव, भाजपा विधायक ने तोड़े नियम:'राम रंग' में...

बाइक चलाते हुए फेसबुक लाइव, भाजपा विधायक ने तोड़े नियम:’राम रंग’ में दिग्विजय-जयवर्धन; मंत्री ने 12 मिनट में निपटाई जनसुनवाई, जनता लाइन में लगी रही

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। दिग्विजय सिंह और बेटे जयवर्धन सिंह की रामभक्ति
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके विधायक बेटे जयवर्धन सिंह इन दिनों रामभक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं। दरअसल, दिग्विजय सिंह के गृह क्षेत्र राघौगढ़ के भैंसाना गांव में श्रीराम महायज्ञ का आयोजन हो रहा है। बताया जा रहा है कि इस धार्मिक आयोजन के कर्ताधर्ता दिग्विजय सिंह और उनके बेटे जयवर्धन सिंह ही हैं। इस आयोजन में अभिनेता आशुतोष राणा भी पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ की महिमा बताते हुए कहा कि महादेव को जिसने बनाया, वे उसी के हो जाते हैं। जहां बनाया, वहीं के हो जाते हैं। उन्होंने विधायक जयवर्धन सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा- जयवर्धन ने उनका निर्माण कराया है, इसलिए वे ‘जयवर्धनेश्वर’ हो जाएंगे। आशुतोष राणा ने 10 साल तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- मैंने दिग्विजय सिंह की कार्यशैली देखी है। इसे देखकर मैं कह सकता हूं कि सीएम का मतलब सिर्फ ‘चीफ मिनिस्टर’ नहीं, बल्कि ‘कॉमन मैन’ भी होता है। वैसे तो यह आयोजन पूरी तरह धार्मिक है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। सियासी पंडितों का कहना है कि आम जिंदगी हो या राजनीति, बिना ‘राम कृपा’ के बात कहां बनती है। जिसने राम को साध लिया, समझो सब साध लिया। दिग्विजय और उनके बेटे भी इसी कोशिश में लगे हैं। भाजपा विधायक ने नियम तोड़े, क्या कार्रवाई होगी?
रील और सोशल मीडिया के दौर में लोग लाइक्स और व्यूज के लिए क्या-क्या नहीं कर रहे। लेकिन जब जनप्रतिनिधि ही नियमों को ताक पर रख दें, तो सवाल उठना लाजिमी हो जाता है। रीवा जिले की मनगवां सीट से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में विधायक साहब बाइक चलाते हुए फेसबुक लाइव करते नजर आ रहे हैं। खास बात ये रही कि एक हाथ से बाइक संभाली जा रही थी और दूसरे हाथ में मोबाइल था। पेट्रोल-डीजल बचाने की पीएम मोदी की अपील के बाद विधायक बाइक लेकर सड़क पर निकले थे। लेकिन इसी बाइक से ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा दीं। जिस लापरवाही पर आम आदमी का तुरंत चालान कट जाता है, वही काम विधायक जी कैमरे के सामने करते नजर आए। अब सवाल यही उठ रहा है कि क्या आम लोगों पर सख्ती दिखाने वाली पुलिस इस मामले में विधायक पर भी कार्रवाई करेगी, या फिर मामला ‘वीआईपी ट्रैफिक नियम’ मानकर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। जनसुनवाई को तवज्जो नहीं, मंत्री 12 मिनिट ही रुके
बैतूल में जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल जनसुनवाई में शामिल होने पहुंचे थे। मकसद था लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान देना। लेकिन मंत्री जी इस जिम्मेदारी को लेकर कितने गंभीर थे, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे जनसुनवाई में महज 12 मिनट ही रुके। इस दौरान मंत्री ने कुछ ही लोगों के आवेदन लिए और उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं दूसरी ओर मंत्री से मिलने की चाह में जनता लाइन में खड़ी रह गई। जनसुनवाई की औपचारिकता पूरी करने के बाद मंत्री जी सीधे भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में पहुंच गए। वैसे भाजपा का मूल मंत्र ‘पहले देश, फिर दल’ माना जाता है। लेकिन यहां तस्वीर कुछ अलग ही नजर आई। मंत्री जी ने देश तो जल्दी-जल्दी देख लिया, मतलब जनता की समस्याएं सुनने की औपचारिकता भर निभा दी। फिर अपने दल के कार्यक्रम की ओर रवाना हो गए। वहां उन्होंने पूरा समय भी दिया और जनता की परेशानियां दूर करने का जिम्मा अधिकारियों पर छोड़ दिया गया। हालांकि, मंत्री जी ने भोपाल से बैतूल तक की ट्रेन यात्रा, जनसुनवाई में शामिल होने और भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचने की रील जरूर बनवाई। भगवान जगन्नाथ के दर्शन की लाइन में ‘मामा’ की गूंज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के लिए लगी कतार में जैसे ही लोगों की नजर उन पर पड़ी, कई श्रद्धालु उत्साहित हो उठे और मामा.. मामा की गूंज शुरू हो गई। एक श्रद्धालु ने उनसे कहा- मामा, आपको देखकर दिल खुश हो गया। इधर, शिवराज सिंह चौहान ने भी श्रद्धालुओं से जय जगन्नाथ कहकर उनका अभिवादन किया। उन्होंने कई श्रद्धालुओं से हाथ भी मिलाया। अब लोग कह रहे हैं कि मध्य प्रदेश हो या दूसरे राज्य ‘मामा’ का जलवा तो है। इनपुट सहयोग – आशीष रघुवंशी (गुना), अभिलाष मिश्रा (रीवा), इरशाद हिंदुस्तानी (बैतूल) ये भी पढ़ें –
बिल्ली लेकर आई कांग्रेस, कहा- प्रशासन इसके जैसा डरपोक: नींद में कलेक्टर का फोटो शूट पहले कुत्ता और अब बिल्ली विपक्षी दल कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बन गई है। रतलाम में कांग्रेस बिल्ली लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची और प्रशासन को भीगी बिल्ली बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशासन सत्ताधारी दल के दबाव में भीगी बिल्ली की तरह काम कर रहा है। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here