मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में छेड़छाड़ से परेशान एक 16 साल की नाबालिग ने फांसी लगाकर जान दे दी। पीड़िता ने चार युवकों के खिलाफ 3 दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही आरोपी राजीनामे के लिए पूरे परिवार पर दबाव बना रहे थे। घटना पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के सियाखास गांव में रविवार सुबह की है। मां ने कमरे का दरवाजा खोला तो बेटी को फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। मौके से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। चार युवकों ने की थी छेड़खानी पुलिस के मुताबिक, बीती 14 मई को गांव के ही चार युवकों अंसल यादव, पानसेल यादव, हलके यादव और एक अन्य ने नाबालिग से छेड़खानी की थी। इस पर पीड़िता ने पृथ्वीपुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। भाई बोला- जान से मारने की धमकी दी मृतक के पिता जगन्नाथ और भाई ने आरोप लगाया है कि पुलिस तो अपनी कार्रवाई कर रही थी, लेकिन आरोपी लगातार पूरे परिवार को धमका रहे थे। भाई का कहना है कि आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे उसकी बहन लगातार मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी और अंततः उसने डर के मारे फांसी लगा ली। 6 महीने पहले ही आई थी गांव नाबालिग 10वीं पास थी और उत्तर प्रदेश में अपनी बहन के यहां रहकर पढ़ाई करती थी। वह करीब छह महीने पहले ही अपने गांव आई थी। पुलिस ने कहा- एक आरोपी गिरफ्तार मामले में पृथ्वीपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। छेड़खानी के मामले में नामजद चार आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।
