श्योपुर जिले में आज रविवार को तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहे मजदूरों से भरी एक ट्रॉली पलट गई। हादसे में कई मजदूर घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना रिछी के जंगल से लौटते समय हुई। जानकारी के अनुसार, करीब 40 मजदूर तेंदूपत्ता तोड़ने के बाद ट्रॉली में सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली चालक सरवन आदिवासी पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से घबराकर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। पलटते ही मजदूर एक-दूसरे के ऊपर गिरे ट्रॉली पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और मजदूर एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला गया और राहत कार्य शुरू किया गया। सभी घायल मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ लगी रही, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रॉली में सवार लोगों ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह चालक पर मधुमक्खियों का हमला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रॉली पलटने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। ये घायल हुए….. हादसे में कौशल्या बाई (35), दया सिंह (34), बर्फी बाई (34), जया (30), रवीना (29), हल्की (30), मेवा (32), लक्ष्मी (26), यशोदा (35), गब्बो बाई (30), सुनील (15), गुड्डी (31), सुरजो (36), किरण (25), मदन (35), ज्ञान सिंह (40) और भूरी (26) घायल हुए हैं। वहीं ट्रॉली चालक सरजन के चेहरे पर सूजन है और उसका भी इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक गब्बो बाई, लक्ष्मी और सुरजो की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद निगरानी में रखा गया है।
