ग्वालियर शहर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बिजली संबंधी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए गुरुवार 14 मई को शहरभर में 22 स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा “संपर्क अभियान-2026” के तहत आयोजित इन शिविरों में उपभोक्ताओं को बिजली विभाग की कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों में त्रुटिपूर्ण बिजली बिल, मीटर रीडिंग गड़बड़ी और अन्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का मौके पर निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा मात्र 5 रुपये में नए ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन देने की सुविधा भी रहेगी। उपभोक्ता भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी व अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, एनओसी, खराब मीटर बदलवाने और स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का समाधान भी करा सकेंगे। बिजली विभाग द्वारा सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था भी शिविरों में की गई है। उपभोक्ता बिजली बिलों का आंशिक अथवा पूर्ण भुगतान भी कर सकेंगे। साथ ही समाधान योजना, अग्रिम भुगतान छूट और अन्य जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी दिए जाएंगे। इन स्थानों पर लगेंगे शिविर लक्ष्मीगंज, शिवनगर/शिंदे की छावनी, थाटीपुर, बाराघाटा, सिटी सेंटर, केंद्रीय जोन, बारादरी, चावड़ी, महाराजपुरा, कम्पू, महलगांव, सिकंदर कम्पू, तानसेन, गोल पहाड़िया, फूलबाग, बटालियन, टीपी नगर, मुरार, बिरला नगर, डीडी नगर और लघेड़ी जोन सहित कुल 22 स्थानों पर शिविर आयोजित होंगे। अभियान से संबंधित जानकारी के लिए उपभोक्ता नजदीकी बिजली वितरण केंद्र, जोन कार्यालय अथवा कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
