दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘महिला समृद्धि योजना’ लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव के समय किए वादे को पूरा करते हुए सरकार आगामी 1 जून को योजना का आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल लॉन्च करेगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपए का आवंटन किया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… पीएम मोदी 15 मई से 5 देशों के दौरे पर, 4 यूरोपीय देश जाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मई यानी गुरुवार से छह दिन के दौरे पर यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य व्यापार, निवेश, रक्षा, ग्रीन टेक्नोलॉजी और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है। वे सबसे पहले यूएई जाएंगे, जहां राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मिलेंगे। इसके बाद नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा करेंगे। नॉर्वे में वे 18-19 मई को तीसरे भारत-नॉर्डिक समिट में शामिल होंगे। दिल्ली: निर्माण व तोड़फोड़ साइटों पर हाई-डेंसिटी डस्ट स्क्रीन का इस्तेमाल जरूरी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और विशेष रूप से धूल के कणों पर नियंत्रण पाने के लिए दिल्ली सरकार ने सोमवार को एक बड़ा नीतिगत निर्णय लिया है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, अब राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सभी निर्माण और तोड़फोड़ (सी एंड डी) साइट्स पर हाई-डेंसिटी डस्ट स्क्रीन का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्माण स्थलों पर इस्तेमाल होने वाले ग्रीन नेट की न्यूनतम मोटाई 100 जीएसएम (ग्राम प्रति वर्ग मीटर) होनी चाहिए। इससे पहले, साइट्स को ढकना तो अनिवार्य था, लेकिन नेट की गुणवत्ता के लिए कोई तकनीकी मानक तय नहीं थे, जिससे धूल रोकने के उपाय अक्सर कागजी साबित होते थे।
