भोपाल में रविवार शाम हिंदू संगठन और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक होटल में ठहरे युवक और युवती को पकड़ लिया। मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की गई। कार्यकर्ताओं ने उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोत दिया। अर्धनग्न कर पीटा और गोविंदपुरा पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक, मामला गौतम नगर इलाके स्थित प्राइड होटल का है। हंगामे के बीच युवती ने पुलिस से किसी तरह की जबरदस्ती, दुराचार या गलत व्यवहार से इनकार किया। उसने कहा कि वह युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए… युवक और युवती को कमरे से बाहर निकाला हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी कि होटल में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती ठहरे हुए हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता होटल पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने युवक और युवती को कमरे से बाहर निकाल लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मामले को कथित ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए विरोध शुरू कर दिया। युवक के साथ मारपीट की गई। कार्यकर्ताओं ने उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोत दिया। इसके बाद उसे अर्धनग्न कर दिया गया। युवक जहांगीराबाद का, युवती अयोध्यानगर की पुलिस के अनुसार युवक की पहचान जहांगीराबाद निवासी 27 वर्षीय आरिफ खान पिता खलील मोहम्मद के रूप में हुई है। युवती अयोध्यानगर क्षेत्र की रहने वाली है। हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक और युवती को सुरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया। घटना से 2 घंटे पहले युवक-युवती ने होटल में चेक इन किया था। किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती थाने में पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। वह आरिफ के खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। युवती ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके साथ कोई जबरदस्ती या गलत व्यवहार नहीं हुआ है। उसने बताया कि पिछले दिनों युवक जेल चला गया था। वह इन दिनों जिस रूम में रह रही है, वहां बाहरी युवकों की एंट्री नहीं है। लिहाजा दोनों होटल के रूम में मिलने पहुंचे थे।
पुलिस जांच में सामने आया आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस जांच में आरिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कोहेफिजा, हनुमानगंज, गुनगा और गोविंदपुरा थानों में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और चोरी समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। कोर्ट में भी 5 केस चल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आरिफ हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। कुछ अन्य मामलों में भी उसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल गोविंदपुरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। ………………………………………. यह खबर भी पढ़ें भोपाल में महिला ने बेटे और दोस्त से सहेली का रेप कराया भोपाल के कोलार इलाके में एक होटल की रिसेप्शनिस्ट के साथ इसी होटल की पूर्व रिसेप्शनिस्ट ने रेप करा दिया। आरोपी महिला ने अपने बेटे और बेटे के दोस्त को प्लानिंग के तहत होटल भेजा और रूम बुक कराया। बाद में युवकों ने रूम में पानी न आने की समस्या बताई। पढ़ें पूरी खबर…
