Homeमध्यप्रदेशशराब माफिया की मारपीट में घायल सूरज की मौत:अवैध शराब बेचने के...

शराब माफिया की मारपीट में घायल सूरज की मौत:अवैध शराब बेचने के संदेह में पीटा था, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

सागर जिले के शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब माफियाओं की मारपीट से घायल हुए दूसरे युवक ने भी रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और परिचितों ने शाहपुर में सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और शाहपुर चौकी प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी है। वहीं, पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों पर हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। गढ़ाकोटा से लौटते समय किया था जानलेवा हमला
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात वार्ड क्रमांक-7 शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति (38) अपने साथी सूरज अहिरवार (40) के साथ बिजली फिटिंग का सामान लेने गढ़ाकोटा गया था। देर रात लौटते समय रास्ते में एक बोलेरो से आए 10 से 12 लोगों ने उन्हें रोक लिया। शराब बेचने के शक में आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। इस हमले में नीरज बुरी तरह घायल होकर बेहोश हो गया था, जबकि सूरज किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला था। हादसा दिखाने सड़क किनारे फेंका था नीरज का शव
शनिवार सुबह नीरज प्रजापति का शव बरेठा बाबा की घाटी पर सड़क किनारे पड़ा मिला था। आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसा साबित करने के लिए शव को वहां फेंक दिया था। वहीं, घायल अवस्था में घर पहुंचे सूरज को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार को नीरज की मौत के बाद रविवार को इलाज के दौरान सूरज ने भी दम तोड़ दिया। लगातार दो मौतों के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मौत से पहले सूरज ने बताए थे आरोपियों के नाम
अस्पताल में भर्ती सूरज ने मौत से पहले पुलिस को बताया था कि गढ़ाकोटा रोड पर बोलेरो से उतरे लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें सुबह तक पीटा था। आरोपियों ने नीरज को बेहोश होने तक मारा, जिससे उसकी जान गई। सूरज ने अपने बयान में अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश समेत अन्य लोगों को मारपीट में शामिल बताया था। पुलिस ने सूरज के इसी बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। चक्काजाम कर चौकी प्रभारी को हटाने की मांग
नीरज के बाद रविवार को सूरज की मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क गए। उन्होंने शाहपुर में शव रखकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी लगातार मांग कर रहे थे कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने लापरवाही बरतने के आरोप में शाहपुर चौकी प्रभारी को हटाकर उन पर भी सख्त कार्रवाई की मांग रखी है। शव मिलने पर भीड़ ने शराब दुकान में लगाई आग:सागर में कर्मचारियों पर मारपीट कर हत्या का आरोप, परिजनों ने किया चक्काजाम

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here