कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल ने सिवनी में कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करते हुए आगामी 2028 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस चुनाव को पार्टी के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण और निर्णायक बताया। महाकौशल दौरे पर निकले अजय सिंह ने केवलारी विधायक के निवास पर कार्यकर्ताओं से कहा कि 2028 का चुनाव कांग्रेस के लिए मध्य प्रदेश में अस्तित्व की लड़ाई जैसा होगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह पार्टी के लिए एक तरह से अंतिम चुनाव होगा—या तो सरकार बनेगी या फिर पार्टी का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। कार्यकर्ताओं से सक्रिय होने की अपील अजय सिंह ने इस बात पर चिंता जताई कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पिछले 25 वर्षों से सत्ता से लगभग बाहर है, जिसके कारण कार्यकर्ताओं की एक पूरी पीढ़ी राजनीति से दूर हो गई है। उन्होंने पुराने और समर्पित कांग्रेसी नेताओं से भावनात्मक अपील की कि वे अब घरों से बाहर निकलें और पार्टी को फिर से मजबूत करने के लिए जमीन पर उतरें। ‘सरकार बनेगी तभी हम जिंदा रहेंगे’ उन्होंने साफ कहा कि अगर 2028 में कांग्रेस की सरकार बनती है, तभी पार्टी और कार्यकर्ता राजनीतिक रूप से जीवित रहेंगे, अन्यथा किसी का वजूद नहीं बचेगा। उन्होंने जोर दिया कि अब केवल बैठकों से काम नहीं चलेगा, बल्कि गांव-गांव जाकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष करना होगा। वरिष्ठ नेताओं को दी श्रद्धांजलि अपने दौरे के दौरान अजय सिंह राहुल ने जबलपुर और सिवनी के अन्य क्षेत्रों का भी भ्रमण किया। उन्होंने दिवंगत वरिष्ठ नेता स्व. हरवंश सिंह के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। देश के राजनीतिक हालात पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोकतंत्र और विपक्ष दोनों ही कठिन दौर से गुजर रहे हैं, जिसके लिए एकजुटता जरूरी है।
