धामनोद में एक 4 साल की मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी रमेश भाबर को गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह रही कि बच्ची के घरवालों ने ही हिम्मत दिखाकर आरोपी को पकड़ा और उसे सीधे थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना 6 मई की रात की है। बच्ची की मां ने बताया कि उसके पति काम के सिलसिले में बाहर गए थे। रात करीब 8 बजे उसने अपने दोनों बच्चों को घर के बाहर ओटले पर सुला दिया और खुद घर के अंदर काम करने चली गई। कुछ ही देर बीती थी कि अचानक बच्ची के जोर-जोर से रोने की आवाज आने लगी। मां ने देखा तो सन्न रह गई बेटी के रोने की आवाज सुनकर जब मां दौड़कर बाहर आई, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि गांव का ही रमेश भाबर बच्ची के पास लेटा हुआ था और बच्ची उसे लात मारकर खुद से दूर हटाने की कोशिश कर रही थी। जब मां ने बच्ची को गोद में लिया और उससे पूछा, तो मासूम ने रोते हुए बताया कि रमेश उसके साथ गलत हरकत कर रहा था। उस वक्त महिला के चिल्लाने पर आरोपी वहां से भाग निकला। दोबारा आया तो हत्थे चढ़ गया महिला घर पर अकेली थी, इसलिए वह डर के कारण रात में थाने नहीं जा पाई। अगले दिन सुबह उसने अपनी सास और रिश्तेदारों को सारी बात बताई। दोपहर के समय आरोपी रमेश निडर होकर फिर से घर के आसपास मंडराता दिखाई दिया। इस बार घरवालों ने मौका नहीं गंवाया और घेराबंदी करके उसे दबोच लिया। पुलिस ने भेजा जेल परिजन आरोपी को पकड़कर सीधे धामनोद थाने पहुंचे। पुलिस ने मां की शिकायत और बच्ची के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। बच्ची अभी डरी हुई है, लेकिन मां की सूझबूझ से आरोपी पकड़ा गया।
