केंद्रीय कैबिनेट ने एमपी के नागदा जंक्शन से मथुरा के बीच अतिरिक्त तीसरी और चौथी नई रेल लाइन बिछाने को मंजूरी दी है। इसके निर्माण में 16,403 करोड़ की लागत आएगी। केंद्र सरकार ने दिल्ली-मुंबई व्यस्त रूट पर यातायात कम करने के लिए नागदा-मथुरा के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन (570 किमी) परियोजना को मंगलवार को मंजूरी दी है। करीब 16,403 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित यह परियोजना लगभग 568 किलोमीटर लंबी है, जो मध्य प्रदेश के नागदा से उत्तर प्रदेश के मथुरा से कोटा और राजस्थान के भरतपुर के रास्ते होकर गुजरेगी। इस रूट पर मौजूदा समय में ट्रेनों का दबाव काफी अधिक है, जिसके चलते यात्रियों को अक्सर देरी का सामना करना पड़ता है। नई लाइनें बिछने के बाद ट्रैफिक का बोझ कम होगा और ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। यह रेल खंड ‘स्वर्ण चतुर्भुज’ के दिल्ली-मुंबई रूट का हिस्सा है। वर्तमान में यहां लाइनों पर क्षमता से अधिक बोझ है। फिलहाल यहां दो लाइनें हैं जिन पर पैसेंजर और मालगाड़ियों का भारी दबाव रहता है। तीसरी और चौथी लाइन बनने से मालगाड़ियों और सुपरफास्ट ट्रेनों के लिए अलग ट्रैक मिल सकेगा। भीड़ कम होने से ट्रेनों की औसत गति बढ़ेगी और दिल्ली-मुंबई के बीच का यात्रा समय कम होगा। इस परियोजना से लगभग 4,161 गांवों और 83 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इस रूट से कोयला, सीमेंट, खाद्यान्न और पेट्रोलियम उत्पादों की ढुलाई बहुत आसान हो जाएगी। सालाना लगभग 60 MTPA (मिलियन टन प्रति वर्ष) अतिरिक्त माल ढोने की क्षमता विकसित होगी। रेलवे परिवहन का सबसे स्वच्छ माध्यम है। इस प्रोजेक्ट से डीजल की खपत कम होगी और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी (अनुमानित 37 करोड़ लीटर तेल की बचत)। भरतपुर के लिए गेम चेंजर होगी परियोजना जिले के कृषि उत्पाद, पत्थर उद्योग और डेयरी सेक्टर को तेज व सस्ता परिवहन मिलेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में इजाफा होगा। केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी से पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी। निर्माण के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा, जबकि प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद रेलवे संचालन, रखरखाव और लॉजिस्टिक्स से जुड़े नए अवसर भी पैदा होंगे। गजट अधिसूचना के बाद प्रक्रियाएं सरल होने से देरी की संभावना भी कम मानी जा रही है। मथुरा-नागदा प्रोजेक्ट से यूपी को क्या लाभ उत्तर प्रदेश के लिहाज से यह परियोजना कई मायनों में गेम चेंजर साबित होने जा रही है। मथुरा और आसपास के क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने से पर्यटन को नई गति मिलेगी। खासतौर पर धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच आसान होने से देश-विदेश से आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही भरतपुर और आसपास के इलाकों में स्थित केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान जैसे पर्यटन स्थल भी बेहतर रेल संपर्क का लाभ उठाएंगे।
