विदिशा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में बच्ची का रिश्तेदार ही आरोपी निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मलखान सिंह (50) रविवार को बच्ची को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। इसी दौरान उसने वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर बच्ची ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी आरके मिश्र ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी बच्ची का रिश्ते में दादाजी लगता है। पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकाला
पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई और मौका मुआयना कराया। इस दौरान पुलिस आरोपी को पैदल उसके घर तक लेकर गई, जहां लोगों के बीच उसका जुलूस भी निकाला गया। बड़ी संख्या में लोग इस दौरान मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अपनी नानी के यहां रहती है और कुछ दिनों के लिए अपनी मां के पास आई हुई थी। उसकी मां ने पहले पति की मौत के बाद चार साल पहले दूसरी शादी की थी। पहले पति से उसकी दो बेटियां हैं, जिनमें पीड़िता बड़ी है, जबकि दूसरे पति से एक बेटी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
