मध्यप्रदेश के देवास में बचपन में तय सगाई तोड़ने से नाराज लड़के पक्ष के लोगों ने लड़की के माता-पिता का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने दंपती के साथ मारपीट कर जूते-चप्पलों की माला पहनाकर अपमानित किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दंपती को छुड़ाया। घटना 30 अप्रैल को सोनकच्छ क्षेत्र की है, जबकि शनिवार को इसका वीडियो सामने आया। उज्जैन निवासी दंपती सोनकच्छ के ग्राम भटकुंड में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। लौटते समय आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। जबरन कार में बैठाकर टीबूपुरा ले गए आरोपियों ने विवाद करते हुए पति-पत्नी को जबरन कार में बैठाया और आष्टा तहसील के ग्राम टीबूपुरा ले गए। यहां उनके साथ मारपीट की गई और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर अपमानित किया गया। आरोप है कि दंपती के गहने भी छीन लिए गए। वायरल वीडियो में महिलाएं भी मारपीट करती नजर आ रही हैं। 10 साल पहले हुई थी सगाई, अब तोड़ी
जानकारी के अनुसार, करीब 10 साल पहले दोनों पक्षों के बीच सगाई तय हुई थी। हाल ही में लड़की पक्ष ने सगाई तोड़कर अन्य जगह रिश्ता तय कर दिया। इसी बात से नाराज लड़के पक्ष के लोग जबरन शादी कराने का दबाव बना रहे थे। नाबालिग होने पर शादी से किया इनकार
पीड़ित पिता के मुताबिक, उनकी बेटी नाबालिग है, इसलिए उन्होंने शादी से इनकार कर सगाई तोड़ दी थी। इसको लेकर समाज स्तर पर कई बार समझाइश भी हुई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। 4 आरोपियों पर केस, एक गिरफ्तार पुलिस ने भादर, बाबूसिंह, प्रभू और गोरा बंजारा (निवासी टीबूपुरा) के खिलाफ अपहरण, मारपीट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस बोली- शादी को लेकर विवाद सोनकच्छ थाना प्रभारी अजय गुर्जर ने बताया कि दोनों पक्षों में शादी को लेकर विवाद था। एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया के अनुसार आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट कर अभद्र व्यवहार किया है, मामले की जांच जारी है।
