मध्यप्रदेश के सतना में 11 साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या कर शव नीले ड्रम में छिपाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी घर के बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। घटना कोलगवां थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में सोमवार दोपहर की है। बच्चे के लापता होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ताला तोड़कर घर में घुसी। अंदर का मंजर सिहराने वाला था—बिस्तर पर रखी तकिया खून से सनी थी, दीवारों पर खून के छींटे थे और बिस्तर से लेकर ड्रम तक खून के निशान पड़े थे। मृतक की पहचान शिवराज रजक (11) के रूप में हुई है, जो कक्षा 5वीं का छात्र था। तलाशी के दौरान पुलिस ने नीले ड्रम से बच्चे का शव बरामद किया। आरोपी मथुरा रजक (45) पर हंसिया से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। घर में अकेला था बच्चा घटना के समय शिवराज घर पर अकेला था। मां आशा रजक काम पर गई थीं, बहन कॉलेज और भाई मजदूरी के लिए बाहर गया था। दोपहर में जब मां लौटीं तो शिवराज घर पर नहीं मिला। आसपास तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ। रंजिश में हत्या की आशंका पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी और बच्चे के पिता रमेश रजक के बीच विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी रंजिश में मासूम को निशाना बनाया गया। रमेश रजक फिलहाल महाराष्ट्र के नासिक में मजदूरी करते हैं। आरोपी फरार, दुकान बंद- मोबाइल स्विच ऑफ
आरोपी मथुरा रजक कॉलोनी में कपड़ों पर प्रेस करने की दुकान चलाता है। घटना के बाद से उसकी दुकान बंद है और मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। 10 दिन पहले परिवार में भी हुआ था विवाद परिजनों के अनुसार, करीब 10 दिन पहले पिता रमेश घर आए थे, जहां मां के देर से लौटने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। इसके बाद पिता गांव नयागांव चले गए थे। घटना के वक्त घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था।
