तारीख 14 अप्रैल 2026। वक्त रात 9 बजे। जगह हरदा का रन्हाईकला गांव। नहर के पास अंधेरा था। इसी अंधेरे में अजय बिल्लोरे और उसका साथी सचिन निशोद बाइक पर बैठे थे। दोनों फोन का इंतजार कर रहे थे। माहौल शांत था, लेकिन सन्नाटे के पीछे खतरनाक साजिश पल रही थी। रात 10.30 बजे फोन बजता है। कॉल विश्राम गाठे की पत्नी क्षमाबाई ने किया। उसने अपने भांजे (बॉयफ्रेंड) अजय को बताया- वो खेत की रखवाली के लिए निकल चुका है। यह हत्या का संकेत था। लोकेशन मिलते ही दोनों आरोपी एक्टिव हुए और विश्राम गाठे का पीछा शुरू किया। पहले से घात लगाए बैठे थे आरोपी रात करीब 11 बजे मुकेश दोगने के खलिहान के पास विश्राम गाठे ने बाइक रोकी। पहले से घात लगाए अजय और सचिन उस पर टूट पड़े। सचिन ने पीछे से पकड़ा। अजय ने लोहे के हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। मामा विश्राम को कुचलकर मार डाला। वारदात से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… गर्लफ्रेंड को कॉल कर बोला- काम हो गया हत्या के बाद दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गए। मर्डर के बाद अजय ने कॉल कर सिग्नल दिया कि काम हो गया है। मैंने तुम्हारे पति को ठिकाना लगा दिया है। अब वह हमारे रास्ते में नहीं आएगा। सुबह एक्सीडेंट की झूठी कहानी 15 अप्रैल की सुबह मर्डर को हादसा बताने की कोशिश की गई। मृतक के बेटे कन्हैया गाठे को सूचना दी गई कि उसके पिता का एक्सीडेंट हुआ है। मौके पर पहुंचकर उसने देखा कि पिता के सिर, दाहिनी आंख और मुंह पर गंभीर चोटें थीं। खून बह रहा था। अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद सच आया सामने बेटे ने डायल 112 की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि यह सड़क हादसा नहीं, हत्या है। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। जांच में अवैध संबंध का खुलासा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कॉल डिटेल्स से साजिश की परतें खुलीं। अजय बिल्लोरे का अपनी सगी मामी क्षमाबाई के साथ 6 साल से अवैध संबंध था। इन्हीं संबंधों के चलते क्षमाबाई अजय के साथ इंदौर भाग गई थी। इंदौर में वह करीब एक सप्ताह रही। बाद में पति उसे वापस ले आया। इसके बाद घर में झगड़े और मारपीट होती रही। इससे वह परेशान थी। वह ये बातें अपने बॉयफ्रेंड को बताती थी और प्लानिंग करती थी। धमकी और डर की वजह से मर्डर पुलिस पूछताछ में अजय ने बताया कि मामा को अफेयर की जानकारी हो गई थी। वह जान से मारने की धमकी देता था। वह कहता था कि मजदूरी के पैसे मिलते ही बंदूक खरीदकर उसे गोली मार देगा। आरोपी बोला- हम उसे नहीं मारते तो वह हमें मार देता अजय ने बताया- इसी डर और रिश्ते में आ रही रुकावट के कारण उसने अपने साथी सचिन निशोद के साथ मिलकर विश्राम को रास्ते से हटाने की साजिश रची। अगर हम उसे नहीं मारते तो वह हमें गोली मार देता, इसलिए मार दिया। अपने प्यार के लिए हत्या की। पत्नी बोली- पति को मारकर मैं अब आजाद हूं वहीं मृतक की पत्नी ने बताया- 6 साल से मैं भांजे के साथ रिलेशन में थी। पति से परेशान थी, इसलिए मर्डर करा दिया। मुझे कोई अफसोस नहीं, मैं अब आजाद हूं। मुझे पति के साथ नहीं रहना था। अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहना था। आरोपियों को कोर्ट ने भेजा जेल टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि- मृतक की पत्नी क्षमाबाई, उसका बॉयफ्रेंड अजय और सचिन निषोद ने हत्या की। आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस आगे की जांच में जुटी है। ………………………………………….. यह खबर भी पढ़ें… मामी के प्यार के चक्कर में मामा को मार डाला हरदा जिले में भांजे ने मामी के प्यार के लिए मामा की हत्या कर दी। महिला ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। रात में पति के ठिकाने की जानकारी दी। बॉयफ्रेंड ने सिर, आंख और मुंह पर वार कर हत्या की। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रन्हाई गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रन्हाईकला निवासी विश्राम गाठे के रूप में हुई। मंगलवार रात करीब 10 बजे वह किसान मुकेश दोगने के खेत पर पानी देने गए थे। करीब एक घंटे बाद रात 11 बजे उनका शव खेत के गेट के पास मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे मामला संदिग्ध लगा। पूरी खबर पढ़िए…
