महू के कोदरिया गांव में शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक आलू चिप्स फैक्ट्री के बॉयलर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में फैक्ट्री कैंपस में रहने वाला एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे की पहचान शुभम (पिता जितेंद्र मकवाना) के रूप में हुई है। धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोग शुभम को तुरंत महू के सिविल अस्पताल ले गए, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया। शुभम के मुंह बुरी तरह झुलस गया है। दूर तक सुनाई दी आवाज शुभम अपने परिवार के साथ इसी कारखाने में रहता है, और उसके पिता जितेंद्र भी यहीं काम करते हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोदरिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई कारखाने बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जाती, जिसके कारण ऐसे हादसे होते रहते हैं।
