भिंड जिले की झांकरी चौकी क्षेत्र में 9वीं कक्षा की छात्रा से गैंगरेप, हत्या और शव जलाकर साक्ष्य मिटाने के मामले को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने झांकरी चौकी के पास सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को फांसी देने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देने में जुट गए। प्रदर्शन दोपहर ढाई बजे से अभी तक चल रहा है। देखें तस्वीरें… आरोपियों को फांसी देने की मांग की मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और सामाजिक संगठनों के लोग झांकरी चौकी पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने छात्रा के साथ हुई घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए आरोपियों को फांसी देने की मांग की। लोगों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। दुष्कर्म के बाद छात्रा की हत्या कर दी पुलिस जांच के अनुसार, 15 वर्षीय छात्रा 28 मई को युवक रामू गुर्जर के साथ घर से गई थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी उसे बाइक से करीब 61 किलोमीटर दूर ग्वालियर के गोल पहाड़िया क्षेत्र स्थित गुप्तेश्वर पहाड़ी पर ले गया, जहां उसके दो साथी अरुण कुशवाहा और गौरव कुशवाहा पहले से मौजूद थे। आरोप है कि पहाड़ी पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। छात्रा को बेचने की बात पर हुआ विवाद पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि रामू और छात्रा पिछले करीब एक वर्ष से संपर्क में थे। आरोपियों ने मिलकर छात्रा को ग्वालियर बुलाने की योजना बनाई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने छात्रा को किसी अन्य युवक को बेचने की बात कही थी। छात्रा ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दे दिया। शव जलाकर साक्ष्य मिटाने का भी आरोप पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने 29 मई को छात्रा के शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि उसकी पहचान और घटना से जुड़े साक्ष्य मिटाए जा सकें। मामले की जांच जारी है। भीम आर्मी ने भी किया प्रदर्शन मंगलवार को भीम आर्मी के पदाधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग झांकरी चौकी पहुंचे और करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को नामजद किया है, जबकि मामले में दो अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उन्होंने उन लोगों को भी आरोपी बनाने की मांग की। पांच थानों की पुलिस रही तैनात स्थिति को देखते हुए मौके पर पांच थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार लोगों से चर्चा करते रहे। देर तक प्रदर्शन जारी रहा और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कार्रवाई किए जाने की बात कहते रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
