बीपी मंडल की जयंती के मौके पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी ने मंगलवार को भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव मंडल ने किया। इस दौरान पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने मध्य प्रदेश में पिछड़ा वर्ग को तत्काल 27% OBC आरक्षण देने और 13% होल्ड हटाने की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि मंडल कमीशन की सिफारिशों के अनुरूप पिछड़ों को उनका अधिकार मिलना चाहिए। निजी क्षेत्र में भी आरक्षण की मांग ज्ञापन में निजी क्षेत्र के संस्थानों में संख्या के अनुपात में आरक्षण देने की मांग की गई है। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में SC, ST और OBC के प्रमोशन में आरक्षण लागू करने की मांग भी रखी गई। पार्टी ने विधानसभा और लोकसभा में OBC के लिए सीटें आरक्षित करने तथा पिछड़ों को राजनीतिक आरक्षण देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मांग की है। छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग आजाद समाज पार्टी ने प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की भी मांग की। पार्टी का कहना है कि चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होने चाहिए, ताकि युवाओं को राजनीति में आने और नेतृत्व विकसित करने का स्वतंत्र मंच मिल सके। धार्मिक ट्रस्टों को सरकारी नियंत्रण में लेने की मांग धरने के दौरान धार्मिक ट्रस्टों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा गया। दामोदर यादव ने कहा कि बागेश्वर धाम, कुबेरेश्वर धाम, नवग्रह सहित ऐसे सभी ट्रस्टों को सरकार अपने अधीन लेकर धर्मस्व विभाग के जरिए संचालित करे। उन्होंने कहा कि धार्मिक गतिविधियों के नाम पर चल रहे कथित पाखंड और अन्य गतिविधियों पर निगरानी के लिए इन ट्रस्टों की व्यवस्था में सरकारी नियंत्रण जरूरी है। ज्ञापन में इन ट्रस्टों की जांच और उन्हें धर्मस्व विभाग के अधीन संचालित करने की मांग की गई है। नवग्रह ट्रस्ट की जांच की मांग दामोदर यादव ने नरोत्तम मिश्रा के नवग्रह ट्रस्ट का भी उल्लेख करते हुए उसकी गतिविधियों की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक ट्रस्ट की गतिविधियों को लेकर पारदर्शिता होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर सरकार को उसकी जांच करानी चाहिए। मांगें नहीं मानीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन आजाद समाज पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में पार्टी के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बाद में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रतिनिधि के माध्यम से सौंपा गया।
