मध्यप्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नति दिए जाने के फैसले पर मुहर लगा दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। इसके बाद शिक्षकों को 12, 24 और 30 साल की सेवा पूरा करने पर मिलने वाले क्रमोन्नति लाभ के साथ अब 35 साल की सेवा पूरी करने पर चतुर्थ क्रमोन्नति (Fourth Time Scale) का लाभ भी मिलेगा। यह वेतनमान 1 जुलाई 2023 से लागू माना जाएगा। इससे करीब डेढ़ लाख शिक्षकों को फायदा मिलेगा और उन्हें सवा लाख से लेकर पौने दो लाख रुपए तक का एरियर मिलेगा। शिक्षकों के वेतन ढांचे में संशोधन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसी के चलते सरकार ने यह फैसला लिया है। जीएडी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक सहित विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों को उनके पद के अनुसार निर्धारित वेतनमान में यह लाभ दिया जाएगा। 7 महीने पहले सीएम ने की थी घोषणा सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा तय पे-स्केल टेबल के अनुसार 35 साल की सेवा पूरा करने वाले शिक्षकों को उच्चतर वेतनमान (पे-लेवल) का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी सैलरी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उदाहरण के तौर पर सहायक शिक्षक और अन्य श्रेणियों को निर्धारित ग्रेड-पे के अनुसार नए वेतनमान का लाभ मिलेगा। वित्त विभाग ने 1 अप्रैल को इस पर सहमति दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सात माह पहले शिक्षक दिवस पर इसकी घोषणा की थी। इसके बाद कैबिनेट ने तीन माह पहले इस फैसले को मंजूरी दी और अब सामान्य प्रशासन विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को इसके निर्देश जारी कर दिए हैं। डेढ़ लाख शिक्षकों को फायदा, पौने ₹2 लाख तक एरियर 1 जुलाई 2023 तक जिन शिक्षकों की सेवा के 35 साल पूरे हो चुके हैं, ऐसे करीब 1.50 लाख प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को इस फैसले का लाभ मिलेगा। इन शिक्षकों ने 35 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, लेकिन पदोन्नति की पात्रता नहीं होने के कारण उन्हें क्रमोन्नति वेतनमान दिया जा रहा है। इससे सरकार पर करीब 117 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार आएगा। अनुमान है कि एरियर की राशि 1.20 लाख से 1.80 लाख रुपए तक हो सकती है। जिन शिक्षकों की 35 वर्ष की सेवा 2023 से 2026 के बीच पूरी होगी, उन्हें सेवा पूर्ण होने की तिथि से एरियर दिया जाएगा। ये खबर भी पढ़ें… MP में 12 लाख कर्मचारियों का 3% DA-DR बढ़ा मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने 12 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को 3% महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) देने का आदेश जारी कर दिया है। कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ा हुआ पैसा अप्रैल के वेतन के साथ मई में मिलेगा। पढ़िए पूरी खबर।
