जबलपुर मेडिकल कॉलेज के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार सड़क किनारे होटल में घुस गई। हादसे में कार सवार वकील की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर है। होटल में सो रहे 3 लोग भी घायल हुए हैं। चारों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शी लकी कुशवाहा ने बताया- वह अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 4 बजे होटल खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार होटल में जा घुसी। कार में शरद कुमार दुबे और शिवम शर्मा मौजूद थे। हादसे के बाद कार में शराब की एक बोतल भी मिली। दोस्त से मिलने जा रहे थे शिवम जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता शिवम शर्मा कार क्रमांक एमपी 20 सीके 0199 से जसूजा सिटी में दोस्त शरद से मिलने जा रहे थे। मेडिकल कॉलेज के मॉर्च्यूरी गेट के पास पहुंचते ही कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे स्थित होटल में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि होटल में सो रहे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। कार तीन लोगों के ऊपर चढ़ गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ धनवंतरी नगर पुलिस चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कार को जब्त किया पुलिस ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हादसे में घायलों के हाथ, सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ घायलों के सिर में गहरी चोट लगने से सिर फट गया, जबकि हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। कार में मिली शराब की बोतल प्रत्यक्षदर्शी लकी कुशवाहा के मुताबिक, हादसे के बाद कार के अंदर शराब की बोतल मिली। हालांकि, कार में मौजूद लोगों ने शराब पी थी या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। शव का पंचनामा, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा धनवंतरी नगर पुलिस चौकी के स्टाफ ने अधिवक्ता शिवम शर्मा के शव का पंचनामा कराया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। जांच में कार की रफ्तार, चालक की स्थिति, वाहन के अनियंत्रित होने की वजह और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं को शामिल किया गया है। …………………………………… यह खबर भी पढ़ें भिंड में बस पलटी, 23 यात्री घायल, 3 ग्वालियर रेफर भिंड जिले के लहार क्षेत्र में जैतपुरा मोड़ के पास शुक्रवार सुबह सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में बस में सवार महिला, बुजुर्ग और स्कूली बच्चों समेत करीब 23 यात्री घायल हो गए। इनमें तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है। पढ़ें पूरी खबर…
