रीवा में रामनवमी के पावन अवसर पर शहर पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया। रामनवमी उत्सव समिति एवं भारतीय हिंदू महासंघ के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए। शोभायात्रा की शुरुआत किला स्थित महामृत्युंजय मंदिर से हुई। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्रीराम की सजी-धजी झांकी के साथ यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा किला से निकलकर फोर्ट रोड, सिंधी चौराहा, स्टैचू चौराहा, प्रकाश चौराहा, शिल्पी प्लाजा और सिरमौर चौराहा होते हुए कोठी कंपाउंड पहुंचकर संपन्न हुई। पहले तीन तस्वीरें देखिए… पूरे मार्ग में शहरवासियों ने उत्साह के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीराम की अगवानी की। विशेष रूप से सर्राफा मार्केट में व्यापारियों द्वारा की गई भव्य पुष्प वर्षा आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में शामिल रामभक्त जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए झूमते-गाते नजर आए। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा नाचते दिखे, वहीं महिलाएं भी पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीत गाते हुए यात्रा में शामिल रहीं। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन भी सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। रामनवमी के इस भव्य आयोजन ने शहर में धार्मिक एकता और आस्था का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया, जहां हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। पूरे दिन रीवा “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंजता रहा।
