Homeमध्यप्रदेशस्कूल की छत पर झंडा लगाते वक्त जिंदा जला छात्र:संचालक ने छुट्टी...

स्कूल की छत पर झंडा लगाते वक्त जिंदा जला छात्र:संचालक ने छुट्टी के बाद बुलाया, हाईटेंशन लाइन से झुलसा; लाश देखकर बिलखते रहे मां-बाप

मध्य प्रदेश के दतिया में स्कूल की छत पर तिरंगा लगाने के दौरान एक छात्र 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। छात्र छत पर जिंदा जल गया। शरीर से चमड़ी उधड़ गई। हाथ और उंगलियां पूरी तरह जल गई हैं। उंगलियां अकड़ गईं। मामला लिटिल स्टार पब्लिक स्कूल का है। सिटी कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान ग्राम जोनिया निवासी राज कुशवाह के रूप में हुई है। वह कक्षा 11वीं का छात्र था। स्कूल प्रबंधन के कहने पर लोहे के पाइप से झंडा लगाते समय वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। अस्पताल में बेटे का शव देखते ही मां-पिता बदहवास हो गए। मां-पिता खुद को संभाल नहीं सके। हाथ और चेहरे को छूकर शव देखते ही मां-पिता फूट-फूटकर रो पड़े। परिवार के लोगों ने दोनों को मुश्किल से संभाला। हादसे के बाद की तस्वीरें देखिए… छुट्टी के बाद स्कूल संचालक ने स्कूल बुलाया परिजन ने बताया- वह स्कूल संचालक नंदकिशोर कुशवाह के मकान में किराए से रहता था। शुक्रवार को स्कूल में करीब डेढ़ बजे छुट्टी होने के बाद राज घर चला गया था। स्कूल संचालक ने उसे वापस बुलाया और स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के लिए छत पर झंडा लगाने भेजा। इस दौरान राज स्कूल की छत पर लोहे के पाइप से झंडा लगाने का प्रयास कर रहा था। छत के ऊपर से 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। झंडा लगाने के दौरान लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट पाइप से छात्र के शरीर में उतर गया। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो राज के चचेरे भाई ने बताया कि करंट लगने के बाद स्कूल के सर ने परिवार को इसकी सूचना नहीं दी। बाद में मौसाजी का फोन आया कि तुम्हारे बच्चे को करंट लग गया है। हमें कोई पैसा नहीं चाहिए। मैं पैसों में आग लगा दूंगा। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई हो और परिवार को न्याय मिले। वहीं, राज की मां ने बताया कि बेटा आमतौर पर घर से बाहर नहीं जाता था। घर पर ही रहता था। मेरे बेटे को जबरदस्ती स्कूल बुलाया गया था। इसके बाद स्कूल में ही उसे करंट लग गया। हादसे के समय स्कूल में सिर्फ सर मौजूद थे। मेरे बेटे के साथ इतनी बड़ी घटना हो गई, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने घटना को छिपाए रखा। परिवार में चार सदस्य हैं। इनमें माता-पिता, बड़ा भाई और राज। राज परिवार में सबसे छोटा था। उसके पिता गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं। बेटे को खोने के बाद परिवार सदमे में है। छात्र की मौत के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस बोली- दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश राजपूत ने बताया कि- छात्र का शरीर झुलस गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया। परिजन की शिकायत के बाद घटना की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ……………………….. यह खबर भी पढ़ें सीधी में डेढ़ साल की बच्ची समेत 3 मासूम जिंदा जले मध्य प्रदेश के सीधी जिले में कच्चे मकान में लगी भीषण आग में तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को चपेट में ले लिया। अंदर मौजूद बच्चे बाहर नहीं निकल सके। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन तब तक बच्चों की मौत हो चुकी थी। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here