छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के दूरस्थ चांदनी-बिहारपुर इलाके में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। भारी बारिश में कई सड़कें बह गईं और कच्चे मकान धराशायी हो गए। कांतीपुर गांव में सड़क पर बनी पाइप पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे आवागमन बाधित है। वहीं, रायगढ़ जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। केलो नदी का जलस्तर बढ़ने पर सोमवार रात डैम के 4 गेट खोल दिए गए। मौसम विशेषज्ञों ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। एक-दो स्थानों पर बिजली गिर सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उफनते नदी-नालों को पार न करने की अपील सूरजपुर जिले के खैरा और कांतीपुर में कई कच्चे मकान भी गिर गए, रसोकी गांव की बरगा नदी भी उफान पर है, जिससे आसपास के कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों को पार न करने और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की है। उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में बने अवदाब के प्रभाव से बारिश का सिस्टम सक्रिय है। इसके चलते 18 अगस्त यानि आज उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। रायपुर में बादल, गरज-चमक के साथ बारिश रायपुर शहर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है। अंबिकापुर सबसे गर्म, दुर्ग सबसे ठंडा पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2°C दुर्ग में रहा। इन इलाकों में हुई ज्यादा बारिश कोरबा में 17 सेमी, कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी, डौंडीलोहारा में 7 सेमी, ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दरीं में 5-5 सेमी बारिश हुई। अगले दो दिन भी बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।
