सीहोर में भोपाल-इंदौर हाईवे पर एक ट्रक से 62 लाख रुपए की बीयर जब्त की है। ट्रक लावारिस रूप से सड़क पर खड़ा हुआ था। जावर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के नशा मुक्ति अभियान और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देशों के तहत सीहोर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में जावर थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के नेतृत्व में टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, रविवार को जावर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल-इंदौर हाईवे पर सरहदी से पहले एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां निर्माणाधीन चद्दर शेड के सामने एक ट्रक लावारिस हालत में मिला, जिसके पास कोई मौजूद नहीं था। पुलिस टीम ने जब ट्रक की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में शराब भरी हुई पाई गई। ट्रक से कुल 1,991 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें ‘पावरकूल’ ब्रांड की 47,784 बीयर केन थीं। जब्त की गई बीयर की कुल मात्रा 23,892 लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 62 लाख 11 हजार 920 रुपये है। पुलिस ने अवैध शराब और ट्रक को विधिवत जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
