मप्र को जल्द ही लगभग 200 एकड़ में फैला पहला नेचुरल डेस्टिनेशन वेडिंग वेन्यू मिल सकता है। पर्यटन विभाग शहडोल जिले के ब्यौहारी में स्थित सरसी और पहाड़िया आइलैंड को जोड़कर इसे विवाह समारोहों के लिए विकसित करने की योजना बना रहा है। प्रस्ताव तैयार हो चुका है और शासन से सहमति ली जा रही है। रीवा से करीब 75 किमी दूर बाणसागर डैम के बैकवॉटर क्षेत्र में सोन नदी स्थित सरसी आइलैंड को दिसंबर 2024 में पर्यटन स्थल के रूप में शुरू किया गया था। करीब 35 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस आइलैंड में 10 कमरे, गार्डन, जिम, लाइब्रेरी, गेम जोन और बोट क्लब जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। अब सरसी से लगभग 10 किमी दूर स्थित 45 हेक्टेयर में फैले पहाड़िया आइलैंड को भी इस प्रोजेक्ट से जोड़ा जाएगा। दोनों आइलैंड मिलकर करीब 80 हेक्टेयर यानी लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में डेस्टिनेशन वेडिंग कॉन्सेप्ट विकसित किया जाएगा। इसे आगे पीपीपी मोड पर निजी निवेशक के साथ विकसित करने की योजना है। सरसी आइलैंड के पास स्थित दूसरे आइलैंड को जोड़कर प्रोजेक्ट का विस्तार करने की योजना है। आगे इसे पीपीपी मोड पर किसी बड़े निवेशक के साथ मिलकर मैरिज डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।’
-इलैयाराजा टी, एमडी, मप्र पर्यटन बोर्ड
