मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। ड्राइवर ने देरी की, विधायक ने थप्पड़ मार दिया सतना के चित्रकूट से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने अपने ही ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। हुआ यूं कि विधायक महोदय जनसंवाद के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। लौटते समय एक पत्रकार ने उनसे बिजली कटौती को लेकर सवाल पूछ लिया। इस पर वे बिना जवाब दिए तेजी से अपने वाहन में बैठ गए। उन्होंने ड्राइवर से गाड़ी बढ़ाने को कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। इस पर विधायक को गुस्सा आ गया और उन्होंने ड्राइवर को एक थप्पड़ मार दिया। अब लोग इस वीडियो के सामने आने के बाद तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कह रहे हैं कि सवाल बिजली का था, करंट तो आना ही था लेकिन झटका बेचारे ड्राइवर को लग गया। वहीं, लोग यह तंज भी कस रहे हैं कि पता नहीं बिजली कटौती क्यों हो रही है जबकि नेता जी के पास तो इतना करंट भरा पड़ा है। विधायक को नहीं पता, किसका भूमिपूजन कर रहे सिंगरौली में भाजपा विधायक राम निवास शाह नगर निगम के एक भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां भगवान हनुमान और भगवान शंकर के जयकारे लगे। इसके बाद विधायक जी ने पूजन भी किया लेकिन उन्हें यह पता ही नहीं था कि यह भूमिपूजन किस चीज का हो रहा है? जब विधायक से रहा नहीं गया, तो उन्होंने पूछ ही लिया कि यह किस चीज का भूमिपूजन हो रहा है? तब उन्हें बताया गया कि यहां एक वर्कशॉप बनाई जा रही है, जिसमें नगर निगम के वाहनों और मशीनों की मरम्मत और रखरखाव का काम होगा। अब लोग विधायक के इस वीडियो पर तंज कस रहे हैं। कह रहे हैं कि भाजपा के राज में विकास की आंधी चल रही है, ऐसे में विधायक जी क्या-क्या याद रखें। पहली बॉल पर ही आउट हो गए ऊर्जा मंत्री तोमर ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने क्रिकेट खेला लेकिन वे पहली ही बॉल पर क्लीन बोल्ड हो गए। हालांकि, बाद में जब उन्हें दोबारा बॉल डाली गई तो उन्होंने कुछ शॉट भी लगाए। दरअसल, मंत्री अपने समर्थकों के साथ एक पार्क में पहुंचे थे, जहां कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। फिर क्या था, मंत्री जी और उनके समर्थक भी मैदान में उतर गए और बैट-बॉल थाम ली। इस दौरान एक महिला बॉलर ने मंत्री को बॉल डाली, जिस पर वे आउट हो गए। इसके बाद समर्थकों ने कहा- मंत्री जी हैं, जरा लॉलीपॉप जैसी बॉल डालिए। फिर मंत्री जी ने अपना पावर दिखाया। कांग्रेस का पुलिस से संघर्ष, भाजपा ने मनाया जश्न मध्य प्रदेश से राज्यसभा की कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के खिलाफ लगाई गई याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज हो गई। इधर, कांग्रेस विधायकों के राष्ट्रपति भवन तक मार्च को पुलिस ने पहले ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच झड़प जैसे हालात बने। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत अन्य विधायक और नेता पुलिस के लगाए बैरिकेड्स पर चढ़ गए। इस दौरान उन्हें नीचे उतारने के लिए पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच खींचतान मची रही। बाद में पुलिस प्रदर्शनकारियों को वाहन में बैठाकर ले गई। इधर, कांग्रेस प्रत्याशी की याचिका खारिज होने के बाद भाजपा ने भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जश्न मनाया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जीत की बधाई भी दी। इस दौरान सीएम ने कहा- जीत मिले तो ऐसी मिले कि छप्पर फाड़ कर मिले। इसका आनंद आ गया। कलेक्टर-जिपं सीईओ के बीच पटरी नहीं बैठ रही मालवा के एक जिले में कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के बीच पटरी नहीं बैठ रही। दोनों के बीच मतभेद इस कदर हैं कि सीईओ साहिबा बिना सूचना दिए छुट्टी पर चली गईं, तो कलेक्टर ने उनके कुछ प्रभार लेकर दूसरे अधिकारियों को सौंप दिए। सुना है कि इसके बाद दोनों के बीच नोकझोंक भी हुई है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), प्रशांत द्विवेदी (सतना), राज द्विवेदी (सिंगरौली), विजय राठौर (ग्वालियर)। ये भी पढ़ें… मंच पर कांग्रेस नेताओं की खटपट का VIDEO: दिग्विजय बोले- चोरी में सभी शामिल मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर चर्चा में आ गई है। दरअसल, कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी के बीच कुछ असहजता नजर आ रही है। पढ़ें पूरी खबर…
