ब्राजील में एक छोटा विमान रेस्टोरेंट पर गिर गया जिससे हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा रियो ग्रांडे डो सुल राज्य में हुआ। हादसा तब हुआ जब एक पाइपर मालिबू विमान साओ पाउलो से उड़ान भरकर कापाओ दा कनोआ एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। लैंडिंग से ठीक पहले विमान एक खंभे से टकरा गया और फिर एक रेस्टोरेंट में जा गिरा, जिससे उसमें आग लग गई। इस हादसे में पायलट और तीन यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें एक दंपत्ति भी शामिल था। राहत की बात यह रही कि जिस समय विमान रेस्टोरेंट से टकराया, वह बंद था, इसलिए जमीन पर कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई और आसमान में काला धुआं फैल गया। आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को सिविल डिफेंस टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। पास की एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। राज्य के गवर्नर एडुआर्डो लेइटे ने कहा कि वे शुरू से ही स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और सभी सुरक्षा एजेंसियों को तैनात कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… ढाका के पास गैस लाइटर फैक्ट्री में आग, 5 की मौत; आग लगने की वजह साफ नहीं बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास स्थित केरानिगंज के कदमतली इलाके में शनिवार दोपहर गैस लाइटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। फायर सर्विस और सिविल डिफेंस के मुताबिक, आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के लिए दमकल की 7 यूनिट तैनात की गईं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शाम तक राहत और बचाव दल ने मलबे से 5 शव बरामद किए। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री की भारत को धमकी- अगला युद्ध बॉर्डर तक नहीं रहेगा, कोलकाता तक पहुंचेंगे पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर भारत को धमकी दी। उन्होंने शनिवार को कहा कि अगला संघर्ष सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कोलकाता तक पहुंच सकता है। सियालकोट में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन (छिपकर हमला करना) का आरोप लगाया, लेकिन इसके समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। आसिफ ने कहा कि अगर भारत कोई कार्रवाई करता है, तो पाकिस्तान जवाबी हमला भारतीय क्षेत्र के अंदर तक करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगली बार संघर्ष 200-250 किमी तक सीमित नहीं रहेगा, हम उनके घरों तक जाएंगे। इससे पहले भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चेतावनी दी थी कि पाकिस्तान की किसी भी हरकत का निर्णायक जवाब दिया जाएगा। हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अब्दुल बसित ने भी भारत के शहरों को निशाना बनाने की बात कही थी। उन्होंने दिल्ली और मुंबई का नाम लिया था।
