Homeमध्यप्रदेशलेडी सिंगर ने भाजपा विधायक को कराया फीलगुड:मंत्री विजयवर्गीय ने सिखाई 'विनम्रता';...

लेडी सिंगर ने भाजपा विधायक को कराया फीलगुड:मंत्री विजयवर्गीय ने सिखाई ‘विनम्रता’; स्वर्गीय माधवराव सिंधिया का बड़े बकायादारों में नाम

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। बदले नजर आए मंत्री विजयवर्गीय के अंदाज
‘औकात’ और ‘घंटा’ वाले बयान से सुर्खियों में रहे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के अंदाज इन दिनों कुछ बदले-बदले नजर आ रहे हैं। विजयवर्गीय सतना के दौरे पर पहुंचे थे, जहां वे भाजपा कार्यकर्ताओं को शिष्टाचार और विनम्रता का पाठ पढ़ाते नजर आए। उन्होंने जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से कहा कि जब हमें जिम्मेदारी मिली है तो अपनी कॉलर खड़ी नहीं करनी है। विनम्र बनना है और विनम्रता के साथ काम करना है। विजयवर्गीय ने आगे कहा- इस बात का भी ध्यान रखना है कि सरकार अपनी है, इसलिए अधिकारियों से जबरदस्ती भिड़ने की जरूरत नहीं है। जो अधिकारी आपकी बात नहीं सुनता, उसकी जानकारी हमें दीजिए, हम उससे बात करेंगे। अब लोग कह रहे हैं कि विजयवर्गीय के मुंह से ऐसे वचन सुनना अच्छा लग रहा है। यह पार्टी की नसीहत का असर है या मंत्री का हृदय परिवर्तन, यह तो वही जानें। लेकिन जो भी हो, मंत्री के इस बदले हुए अंदाज की चर्चा जरूर हो रही है। लेडी सिंगर ने गोपाल भार्गव को मंत्री कहा
भाजपा के सबसे वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ाकोटा में हर साल रहस मेले का आयोजन करते हैं। इसी आयोजन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें गोपाल भार्गव मंच पर मौजूद लेडी सिंगर से तड़कता-भड़कता गाना ‘कजरारे कजरारे तेरे कारे कारे नैना’ सुनाने की मांग करते नजर आ रहे हैं। गोपाल भार्गव की इस डिमांड पर सिंगर ने गाना सुना भी दिया। लेकिन गाना सुनाने से पहले अपने संबोधन के दौरान सिंगर ने गोपाल भार्गव को मंत्री कहकर संबोधित कर दिया। अब लोग कह रहे हैं कि यह सुनकर भले ही पल दो पल के लिए ही सही, गोपाल भार्गव को अच्छा तो जरूर लगा होगा। दरअसल, अपनी इस विधायकी की पारी में उन्हें मंत्री बनने का इंतजार है। भार्गव अभी ‘मंत्री इन वेटिंग’ की स्थिति में हैं। वैसे कई मौकों पर मंत्री न बन पाने का उनका दर्द भी सार्वजनिक रूप से छलक चुका है। महिला अधिकारी के फार्म हाउस पर जुआ
वाकई अपना एमपी अजब है, सबसे गजब है। अब जरा इंदौर के महू का ये मामला देखिए। यहां एक महिला आईएएस अधिकारी के फार्म हाउस पर जुए का अड्डा चल रहा था। पुलिस जब छापा मारने पहुंची तो उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं। वहां जुए की मानो खेती हो रही थी और खिलाड़ी पूरी मेहनत से नोटों की सिंचाई कर रहे थे। जिस फार्म हाउस पर जुआ चल रहा था, वह वित्त से संबंधित विभाग में तैनात अधिकारी का है। हैरानी की बात ये कि उनके फार्म हाउस पर ही ‘वित्त’ की गैंबलिंग चल रही थी। बताया जा रहा है कि फार्म हाउस की देखरेख गांव का एक व्यक्ति कर रहा था। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा। उनके पास से 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद सहित कुल 28 लाख रुपये से ज्यादा का माल बरामद किया गया है। बकायादारों की सूची में स्वर्गीय माधवराव सिंधिया
ग्वालियर नगर निगम ने संपत्ति कर की वसूली के लिए बड़े बकायादारों की सूची जारी की है। इस सूची में एक नाम ऐसा भी है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। यह नाम है स्वर्गीय माधवराव सिंधिया का। उनके नाम के आगे 33 लाख 32 हजार 719 रुपये की बकाया राशि दर्ज है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को घेरने का मौका मिल गया है। कांग्रेस का कहना है कि महल और उससे जुड़ी संपत्तियों पर वसूली की कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। भाजपा के नेता और राजा-महाराजा ही टैक्स नहीं दे रहे, जबकि आम जनता को नोटिस पर नोटिस भेजे जा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा शासन में भाजपा नेताओं के लिए अलग और आम जनता के लिए अलग कानून चल रहे हैं। नगर निगम के अधिकारी इस मामले में बड़ा नपा-तुला बयान दे रहे हैं। अब देखना ये है कि टैक्स की ये राशि कौन और कब जमा कराया है। इनपुट सहयोग – प्रशांत द्विवेदी (सतना), कपिल तिवारी (सागर), अंजीत बाथम (महू), विजय राठौर (ग्वालियर) ये भी पढ़ें –
भाजपा विधायक ने ली सड़क की परीक्षा: शिवराज को आया गुस्सा, बोले-जलने वाले जलते रहे गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य इस बार इंजीनियर की भूमिका में नजर आए। अपने क्षेत्र में घटिया सड़क निर्माण की शिकायत मिलने पर वे खुद मौके पर पहुंच गए और सड़क की गुणवत्ता जांचने लगे। विधायक ने अपने हाथों से सड़क को कुरेदा। इतना ही नहीं, हथौड़े से ठोककर भी उसकी मजबूती परखी। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here