Homeमध्यप्रदेशलगुन में हवाई फायर रोकने पर गोली मारने वाला गिरफ्तार:बदमाश को पैदल...

लगुन में हवाई फायर रोकने पर गोली मारने वाला गिरफ्तार:बदमाश को पैदल लेकर गांव पहुंची पुलिस, सीन रीक्रिएशन के दौरान सिर झुकाकर चलता रहा

ग्वालियर के बिजौली थाना पुलिस ने लगुन-फलदान कार्यक्रम में सरेराह गोलीबारी करने और विरोध करने पर एक युवक को गोली मारने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को दबोचा, बल्कि इलाके में बदमाशों के मन में पुलिस का खौफ पैदा करने और आम जनता के बीच विश्वास बहाल करने के लिए शुक्रवार को सीन रीक्रिएशन किया। पुलिस बदमाश को हथकड़ी लगाकर पैदल-पैदल उस घटनास्थल (पंडाल) तक लेकर गई, जहां उसने इस घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान वह सिर झुकाकर चलता नजर आया। लोग उस पर हंस रहे थे। 20 जून को दुहिया गांव के पंडाल में हुई थी घटना
बिजौली थाना पुलिस ने बताया कि घटना 20 जून 2026 की है। मुरार की भगवती कॉलोनी के रहने वाले धीरेंद्र सिंह राणा अपने साले के लगुन-फलदान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूरे परिवार के साथ बिजौली के ग्राम दुहिया आए हुए थे। खेत में टेंट और पंडाल लगाकर कार्यक्रम चल रहा था, तभी गांव का दबंग अजीत राणा वहां पहुंचा। उसने रौब जमाने और दहशत फैलाने के लिए कमर से अवैध देशी कट्टा निकाला और एक के बाद एक दो हवाई फायर ठोक दिए। रोकने पर सीने में मार दी थी गोली
पंडाल में मौजूद मेहमान धीरेंद्र सिंह राणा ने जब अजीत को भीड़भाड़ में गोली चलाने से मना किया, तो आरोपी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वह चीखते हुए बोला- तेरी हिम्मत कैसे हुई मुझे रोकने की और उसने सीधे धीरेंद्र पर निशाना साधकर फायर कर दिया। गोली धीरेंद्र के सीने में दाहिनी तरफ जा धंसी। धीरेंद्र को लहूलुहान हालत में गिरते देख जब परिजनों ने आरोपी अजीत को पकड़ने की कोशिश की, तो वह कट्टा लहराते हुए मौके से फरार हो गया। घायल को तुरंत अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों की मौजूदगी में पुलिस ने धीरेंद्र के बयानों के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल
एसएसपी (SSP) धर्मवीर सिंह के कड़े निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम बनाई। एसडीओपी बेहट मनीष यादव के मार्गदर्शन में बिजौली थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव ने मुखबिरों को काम पर लगाया। शुक्रवार को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी अजीत राणा पुत्र गोविंद राणा वीवीएम कॉलेज के पीछे झाड़ियों में छिपा बैठा है। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। घटना स्थल पर पैदल घुमाकर निकाली हैकड़ी थाने लाकर जब आरोपी अजीत राणा से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने लगुन कार्यक्रम में देशी कट्टे से फायर करने और धीरेंद्र को गोली मारने का जुर्म कुबूल कर लिया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने से पहले शुक्रवार को घटनास्थल वाले गांव दुहिया में पैदल घुमाया। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह अवैध हथियार और कारतूस किस तस्कर से खरीदकर लाया था।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here