Homeमध्यप्रदेशरीवा से AAP जिलाध्यक्ष का इस्तीफा:प्रदेश प्रभारी को लिखा- आने वाले चुनाव...

रीवा से AAP जिलाध्यक्ष का इस्तीफा:प्रदेश प्रभारी को लिखा- आने वाले चुनाव में सक्रिय नहीं रह सकता; नाराजगी की बात सामने आई

रीवा में आम आदमी पार्टी (AAP) को जिले में उस समय बड़ा झटका लगा जब पार्टी के जिला अध्यक्ष (शहरी) एडवोकेट राजीव सिंह परिहार (शेरा सिंह) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा मध्यप्रदेश के प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर को भेजा है। राजीव सिंह परिहार ने इस्तीफे में साफ तौर पर “समय का अभाव” को मुख्य कारण बताया है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में मध्यप्रदेश में पंचायत और नगर निगम चुनाव होने वाले हैं, जिसके चलते पार्टी को लगातार आंदोलन और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहना होगा। लेकिन वे अपने पेशे वकालत में व्यस्त रहने के कारण संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। हालांकि, पार्टी सूत्रों की मानें तो इस इस्तीफे के पीछे नाराजगी की बातें भी निकलकर सामने आ रही हैं। संगठन के भीतर कुछ मुद्दों को लेकर असंतोष की चर्चा है, हालांकि इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। शेरा सिंह के करीबियों ने बताया कि पार्टी में पिछले कुछ समय में जिला स्तर और प्रदेश स्तर पर कुछ पद वितरित किए गए। लेकिन जिलाध्यक्ष से किसी भी तरह से विचार-विमर्श या रायशुमारी नहीं की गई। यही वजह है कि लंबी नाराजगी के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। परिहार ने कहा कि ऐसी स्थिति में पद पर बने रहना पार्टी और जिम्मेदारी के साथ न्याय नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आम आदमी पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में जुड़े रहेंगे और पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने हाल ही में मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार के तहत रीवा में राजीव सिंह परिहार को जिला अध्यक्ष (शहरी) की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनके अचानक इस्तीफे को पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब प्रदेश में चुनावी तैयारियां तेज होने वाली हैं। अब देखना होगा कि पार्टी रीवा में संगठन को संभालने के लिए किसे नई जिम्मेदारी देती है और इस इस्तीफे का स्थानीय राजनीति पर क्या असर पड़ता है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here