रीवा जिले के चाकघाट थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक ने थाने के अंदर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने तत्काल युवक को उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और ICU में इलाज जारी है। युवक की पहचान पुष्पराज मांझी (25) निवासी ग्राम सेंगरवार सतपुड़ा के रूप में हुई है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, युवक की कथित प्रेमिका की शादी हो जाने के बाद भी वह उससे संपर्क कर रहा था और फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है। इस संबंध में युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया था। इसी दौरान थाने परिसर के भीतर ही युवक ने जहर खा लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा युवक से रिश्वत की मांग की जा रही थी, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पूछताछ के दौरान खा लिया जहरीला पदार्थ थाना प्रभारी बालकेश सिंह ने बताया कि युवक को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान अचानक उसने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया। रिश्वत मांगने के आरोपों को उन्होंने निराधार बताया और कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
