रायसेन जिले में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया। इस बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत प्रदान की। दिनभर की गर्मी और चिपचिपी उमस से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत महसूस की। तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई और वातावरण में ठंडक घुल गई। बारिश शुरू होते ही बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोग घरों व दुकानों की ओर भागे, जबकि बच्चों और युवाओं ने बारिश का आनंद लिया। प्री-मानसून गतिविधियां तेज हुईं
इससे पहले शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे भी जिले में तेज बारिश हुई थी, जो देर रात तक जारी रही। लगातार दूसरे दिन हुई इस बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष मानसून की एंट्री 15 से 20 जून के बीच होने की संभावना है, लेकिन उससे पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दे रही है। जिले के अधिकांश किसानों ने अपने खेतों में धान की नर्सरी और गढ़े तैयार कर लिए हैं। वे अब अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि धान रोपाई का कार्य शुरू किया जा सके। किसानों का मानना है कि समय पर हो रही यह बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी।
