राम टेकरी पर रही प्रदेश की सबसे ऊंची 108 फीट की भगवान श्रीराम की प्रतिमा के लिए पहुंच मार्ग राम-पथ तैयार हो चुका है, जिससे श्रद्धालुओं की पहुंच अब आसान हो गई है। अब फिनिशिंग का बारीक काम चल रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि अगली रामनवमी तक प्रतिमा के दर्शन भी शुरू हो सकेंगे। वहीं नीचे हाट बाजार भी बनकर तैयार हो गया है। इस परियोजना की शुरुआत 5 अगस्त 2020 को हुई थी, जिस दिन अयोध्या में राम मंदिर का भूमिपूजन हुआ था। तब से यहां करीब 108 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा स्थापित करने का काम चल रहा है। बीते वर्षों में कोविड सहित अन्य कारणों से काम की गति प्रभावित हुई, लेकिन अब निर्माण कार्य में तेजी आई है।
