Homeमध्यप्रदेशरात में प्लांट गया राहुल, सुबह दुकान में मिला शव:टोंकखुर्द पुलिस ने...

रात में प्लांट गया राहुल, सुबह दुकान में मिला शव:टोंकखुर्द पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की

देवास के टोंकखुर्द क्षेत्र के ग्राम आलरी में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरओ प्लांट की दुकान के अंदर युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम आलरी निवासी 24 वर्षीय राहुल मालवीय आरओ प्लांट में पानी वितरण का काम करता था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह घर से प्लांट जाने की बात कहकर निकला था। शनिवार सुबह उसका शव प्लांट की दुकान के अंदर मिला। सुबह करीब 10 बजे प्लांट संचालक राहुल रावत ने राहुल के परिजन लखन मालवीय को फोन पर सूचना दी कि राहुल दुकान के अंदर है और गेट नहीं खोल रहा है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। गेट खोलकर अंदर देखा तो राहुल मालवीय का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। मृतक के भाई लखन मालवीय ने आरोप लगाया कि राहुल की आंख के पास गंभीर चोट के निशान थे और शरीर पर भी मारपीट के स्पष्ट संकेत दिखाई दे रहे थे। घटनास्थल से रस्सी भी बरामद हुई है, जिससे परिजनों ने आशंका जताई कि राहुल को बांधकर उसकी हत्या की गई। परिजनों ने आरओ प्लांट में काम करने वाले कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टोंकखुर्द थाना प्रभारी हीतेश पाटील ने बताया कि इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here