धामनोद में लव जिहाद का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने एक मुस्लिम युवक पर पहचान छिपाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाने, दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में केस दर्ज किया है। खरगोन जिले के नांद्रा गांव के रहने वाले अब्दुल हादी पठान ने युवती से अपनी पहचान छिपाकर दोस्ती की थी। उसने खुद का नाम ‘आदित्य ठाकुर’ बताया और करीब दो साल तक युवती को झांसे में रखा। दोनों की पहली मुलाकात महेश्वर बस स्टैंड की एक मोबाइल दुकान पर हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने उसे शादी का सपना दिखाकर प्रेम संबंध बना लिए। आधार कार्ड से खुला राज युवती का आरोप है कि आरोपी उसे धामनोद के एक लॉज में ले गया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। 10 अप्रैल 2026 को जब वह दोबारा उसे उसी लॉज में ले गया और दुष्कर्म किया, तब युवती के हाथ आरोपी का आधार कार्ड लग गया। आधार कार्ड देखते ही युवती के होश उड़ गए, क्योंकि उस पर असली नाम अब्दुल हादी पठान लिखा था। जब युवती ने इस बारे में पूछा, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरन धर्म बदलकर निकाह करने का दबाव बनाया। हिंदू संगठनों का हंगामा और गिरफ्तारी जैसे ही यह बात बाहर आई, हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और इसे लव जिहाद बताते हुए जमकर विरोध किया। सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस की टीम लॉज पहुंची और युवक-युवती को थाने लेकर आई। पुलिस ने आरोपी अब्दुल हादी पठान के खिलाफ दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम (धर्म परिवर्तन कानून) की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
