मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस कैंडिडेट मीनाक्षी नटराजन ने अपना नामांकन भर दिया है। विधानसभा में इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अन्य विधायक मौजूद रहे। पटवारी ने खुद एक-एक कर विधायकों को रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में भेजा। नामांकन के बाद नटराजन ने कहा- हमारे सामने विचारधाराओं की लड़ाई है। हम सब एकजुटता से लड़ेंगे और जीतेंगे। उधर, भोपाल की हुजूर सीट से दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके नरेश ज्ञानचंदानी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। वे मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज हैं। केवट बोले- जो जिम्मेदारी मिलेगी, शत प्रतिशत निभाऊंगा उधर, बीजेपी विधायक भी पार्टी मुख्यालय पहुंचने लगे हैं। यहां मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- हमारे पास एक्स्ट्रा वोट हैं इसलिए हमने अपना उम्मीदवार उतारा। जो लोग विकास चाहते हैं, वो हमारे कैंडिडेट को वोट देंगे। वहीं, पार्टी उम्मीदवार महेश केवट बोले- राष्ट्रीय नेतृत्व ने इतनी महत्वपूर्ण जवाबदारी के लिए मुझे चुना है। मुझे जो जिम्मेदारी मिलेगी, मैं उसे शत प्रतिशत निभाऊंगा। बीजेपी के दो उम्मीदवार पहले ही नामांकन कर चुके इससे पहले शनिवार को बीजेपी उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। सीएम हाउस में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी भाजपा विधायकों को 8 जून तक भोपाल में ही रहने के निर्देश दिए हैं।
