Homeमध्यप्रदेशमामा को रावण दहन में करनी पड़ी मेहनत:भाजपा विधायक ने जनता को...

मामा को रावण दहन में करनी पड़ी मेहनत:भाजपा विधायक ने जनता को बताया रावण, दशानन ने लोगों को दौड़ाया; दिग्विजय की ‘धृतराष्ट्र’ से तुलना

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। रावण दहन के लिए मामा जी की मशक्कत
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके की कई दिलचस्प तस्वीरें सामने आ रही हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने बंगले पर रावण के पुतले का दहन किया। लेकिन इसे जलाने के लिए शिवराज सिंह को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उनकी कई कोशिशों के बाद पुतले में आग लगी। लेकिन धुआं छंटते ही दशानन रावण का पुतला फिर नजर आने लगा। यानी वह पूरी तरह जल नहीं पाया। हालांकि, बाद में पुतला पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इसका वीडियो सामने आया है, जिस पर लोग चुटकियां ले रहे हैं। कह रहे हैं कि रावण दहन करते हुए शिवराज सिंह की रील तो बन गई, लेकिन इसके लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी पड़ी। अब उनके रावण दहन का यह वीडियो जमकर चर्चा में है। नेता जी ने जनता को ही बना दिया रावण
भोजपुर से भाजपा विधायक सुरेंद्र पटवा की जुबान ऐसी फिसली कि जनता को ही रावण बना दिया। दरअसल, दशहरा कार्यक्रम में मंच से संबोधन के दौरान उन्होंने कहा- ‘आज यहां रावण रूपी, जो हमारे सारे लोग यहां पर आए हुए हैं।’ नेता जी क्या कहना चाह रहे थे, ये तो वही जानें, लेकिन उनके मुंह से निकले शब्दों ने लोगों को चौंका दिया। अब लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि मंच, माइक और सामने भीड़ हो तो उत्साह में अक्सर ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। अब भले ही इसे नेता जी की जुबान फिसलना कहें, लेकिन उनकी इस चूक पर कुछ लोगों ने नाराजगी भी जताई है। रावण की ग्राउंड स्ट्राइक, पब्लिक पर पलटवार
दशहरे पर रावण दहन के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि रावण ही पब्लिक पर भारी पड़ गया। मामला धार जिले के टांडा का है, जहां राम बने युवक ने जैसे ही रावण दहन के लिए जलता हुआ तीर चलाया, रावण की तरफ से भी रॉकेट रूपी बाण चलने लगे। मतलब रावण के पुतले में रखे गए पटाखे और रॉकेट फूटने लगे। फिर क्या था, रावण के पुतले से निकले रॉकेट इधर-उधर जाने लगे तो पब्लिक ने दौड़ लगा दी। मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। अब इस घटना का वीडियो सामने आया है, जिस पर लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि रावण भी परम पराक्रमी था, उसका अंत इतना आसान नहीं है। कुछ लोग कह रहे हैं कि इस बार तो रावण ने ग्राउंड स्ट्राइक कर पब्लिक पर पलटवार कर दिया। दिग्विजय को बताया धृतराष्ट्र, बेटे को दुर्योधन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सत्य सनातन यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा के दौरान वे भक्ति के रंग में झूमते नजर आ रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर उनके विरोधी उन्हें नई-नई उपमाएं दे रहे हैं। गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें धृतराष्ट्र और उनके बेटे को दुर्योधन बता दिया। उन्होंने कहा- ‘एक धृतराष्ट्र पैदा हुआ है, जो अपने दुर्योधन को सिंहासन पर बैठाने के लिए पदयात्रा कर रहा है।’ यानी विधायक जी के मुताबिक, दिग्विजय सिंह की इस यात्रा के पीछे अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करने की मंशा है। हालांकि, यात्रा का मकसद क्या है, यह तो दिग्विजय सिंह ही बेहतर बता सकते हैं। लेकिन इतना जरूर है कि उनकी सत्य सनातन यात्रा ने उनके सियासी विरोधियों में हलचल जरूर मचा दी है और इसलिए विरोधी उन्हें निशाने पर ले रहे हैं। और अब अंदर की बात..
सत्ताधारी दल के नेताओं की लड़ाई में पिस रहे अफसर
मध्य प्रदेश में सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तालमेल की कमी के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। अब महाकौशल के एक जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां विधायक के सवालों से कलेक्टर परेशान हैं। दरअसल, विधायक ने बच्चों की सेहत से जुड़ा एक मुद्दा उठाया है। लेकिन इस मामले में प्रशासन के सामने भी मुश्किल खड़ी हो गई है। वजह यह है कि बच्चों की सेहत से जुड़े मामले की जिम्मेदारी सत्ताधारी दल के ही एक पूर्व सांसद के बेटे के पास है। ऐसे में प्रशासन के लिए स्थिति एक तरफ कुआं, दूसरी तरफ खाई जैसी हो गई है। एक तरफ विधायक लगातार प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ मामला सत्ताधारी दल से जुड़ा होने के कारण कार्रवाई को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इधर, कार्रवाई नहीं होते देख विधायक ने सरकार से शिकायत की है। हालांकि, सरकार ने जांच का भरोसा देकर फिलहाल मामले को टाल दिया है। लेकिन विधायक भी चुप बैठने के मूड में नहीं हैं। अब उनकी तैयारी इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर उठाने की है। कुल मिलाकर, सत्ताधारी दल के नेताओं के बीच छिड़ी इस लड़ाई में प्रशासनिक अधिकारी बीच में पिसते नजर आ रहे हैं। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), देव शाक्य (रायसेन), बृजमोहन जाजू (कुक्षी), आशीष रघुवंशी (गुना) ये भी पढ़ें –
सीएम के सामने पूर्व अध्यक्ष हो गए साइडलाइन: दशानन रावण को सिर्फ 9 सिर लगाए राजनीति में आपके पास पावर है, तो ही लोग आपको प्रणाम करेंगे। नहीं तो साइडलाइन होते देर नहीं लगती। एक वीडियो में मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ भी कुछ ऐसा ही होता नजर आया। हुआ यूं कि सीएम डॉ. मोहन यादव दशहरा कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने उनकी अगवानी की। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here