टीकमगढ़ के महेंद्र सागर तालाब में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक शख्स की लाश मिली। वहां से गुजर रहे लोगों ने जब पानी में लाश देखी, तो तुरंत कोतवाली पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पा रही थी, लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त दिनेश कुमार साहू (43 वर्ष) के रूप में हुई। दिनेश टीकमगढ़ के नारगुड़ा दरवाजा स्थित संतोषी माता मंदिर के पास का रहने वाला था। परिजन के मुताबिक, वह कल रात से बिना बताए घर से कहीं गया हुआ था। कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने बताया कि मृतक ने आसमानी रंग की शर्ट और नीले रंग की पैंट पहनी हुई थी। हालांकि, पुलिस को उसके कपड़ों की तलाशी के दौरान कोई मोबाइल, पर्स या आईडी कार्ड नहीं मिला था, जिससे पहचान में थोड़ी मुश्किल आई। पोस्टमार्टम और जांच जारी पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद अब पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है।
