मध्यप्रदेश के आगर मालवा के प्राइवेट स्कूल में एग्जाम के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसमें 9 साल के छात्र की मौत हो गई। मधुमक्खियों ने बच्चे को शरीर पर पांच जगह काटा था। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने राजस्थान के झालावाड़ रेफर कर दिया। झालावाड़ के अस्पताल में इलाज के दौरान दोपहर में दम तोड़ दिया। पांच अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना सोयतकला स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में शुक्रवार दोपहर का है। बच्चे की मां पेशे से नर्स है। मृतक बच्चे की पहचान रमन (9) पिता सज्जन सिंह कराड़ा के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से शाजापुर जिले के बेरछा का रहने वाला है। पैतृक गांव में शाम को शव का अंतिम संस्कार किया गया। मां शासकीय हॉस्पिटल सोयतकला में नर्स के पद पर पदस्थ है। स्कूल में एग्जाम देने पहुंचे थे बच्चे जानकारी के अनुसार रमन सोयकला में स्वामी विवेकानंद स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ता था। वर्तमान में प्राइमरी के एग्जाम चल रहे हैं। शुक्रवार सुबह वह परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा से पहले स्कूल परिसर में लगे मधुमक्खी के छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां निकलकर उड़ने लगीं, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। रमन ने भी खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह मधुमक्खियों के झुंड से घिर गया। गंभीर रूप से घायल हो गया। मधुमक्खियों ने 4 से 5 अन्य छात्रों को भी काटा। राजस्थान के झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया, यहां मौत घटना के तुरंत बाद सभी घायल छात्रों को सोयतकला के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद रमन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे झालावाड़ (राजस्थान) रेफर किया गया। झालावाड़ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्कूल संचालक बोले- रमन को सांस लेने में थी दिक्कत स्कूल संचालक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि प्राइमरी क्लास के एग्जाम चल रहे हैं। इसी दौरान यह घटनाक्रम हुआ है। स्कूल में मधुमक्खियों के छत्ते करीब 20 साल से हैं, जिन्हें कई बार हटवाया गया लेकिन मधुमक्खियां फिर से छत्ते बना लेती हैं। जितेंद्र शर्मा का कहना है रमन को पहले से सांस की तकलीफ थी। शासकीय हॉस्पिटल में अन्य घायल छात्र समन (10) पिता राकेश मेहर का इलाज किया गया। वह सोयतकला के समीपस्थ नयागांव का रहने वाला है।
