भिंड के रौन थाना क्षेत्र की मछंड चौकी में पदस्थ आरक्षक बृजमोहन तोमर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। आरक्षक रविवार रात में ड्यूटी के दौरान पास के एक ढाबे पर खाना खाने गए थे, जहां नींद आने पर वे लकड़ी के तख्त पर ही लेट गए। बताया जा रहा है कि काफी देर तक न जागने पर ढाबा संचालक और आसपास के लोगों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रविन्द्र तोमर मौके पर पहुंचे और आरक्षक को तत्काल जिला अस्पताल भिंड ले जाया गया। अस्पताल पहुंचे पुलिस अफसर
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मछंड चौकी क्षेत्र में हुई इस घटना से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
