मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के उदयपुर में शनिवार की शाम को नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, लेकिन इसकी वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया। एक बड़ा ट्राला सड़क के डिवाइडर में फंस गया, जिससे हाईवे के दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। लगभग डेढ़ घंटे की भारी मशक्कत के बाद इस ट्राले को रास्ते से हटाया जा सका, तब जाकर कहीं ट्रैफिक साफ हुआ। बताया जा रहा है कि यह ट्राला उदयपुर में बनी ‘जुपिटर वैगन्स कंपनी’ से लोहे के लंबे-लंबे चैनल लादकर निकला था। ट्राला बहुत ज्यादा लंबा था, जिसकी वजह से वह सड़क के मोड़ पर सही से घूम नहीं पाया और उसके पीछे के पहिए डिवाइडर में जाकर फंस गए। पहिए फंसते ही ट्राला बीच सड़क पर आड़ा खड़ा हो गया और पूरा रास्ता बंद हो गया। ड्राइवर ने ट्राले को निकालने की बहुत कोशिश की, लेकिन गाड़ी टस से मस नहीं हुई। देखते ही देखते हाईवे पर दोनों तरफ सैकड़ों गाड़ियां खड़ी हो गईं और लोग परेशान होने लगे। इसके बाद आस-पास के लोग और कंपनी के कर्मचारी मदद के लिए आगे आए और उसे निकालने के काम में जुट गए। जाम में फंसी एम्बुलेंस को लोगों ने रास्ता देकर निकाला इस भारी जाम के बीच एक एम्बुलेंस भी फंस गई थी, जिसमें एक मरीज था और उसकी हालत नाजुक थी। जैसे ही स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद बीजाडांडी पुलिस की नजर एम्बुलेंस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाई। सबने मिलकर विशेष तौर पर मशक्कत की और एम्बुलेंस के लिए जगह बनाकर उसे जाम से सुरक्षित आगे निकाला। गर्मी और उमस से बेहाल हुए लोग कड़कती गर्मी और भारी उमस के बीच डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहने के कारण मुसाफिरों और गाड़ी चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। जब ट्राले को हटाकर रास्ता पूरी तरह चालू किया गया, तब जाकर लोगों ने चैन की सांस ली।
