राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), नौसेना अकादमी (एनए) और संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) के एग्जाम रविवार को हो रहे है। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन, मेटल डिटेक्टर जांच और सख्त प्रवेश नियम लागू किए हैं। इधर, भोपाल में एनडीए की परीक्षा के लिए शासकीय नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल अरेरा कॉलोनी में परीक्षा केंद्र का गेट सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सेंटर से लौटा दिया गया। इस बार परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर फेस ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था की गई है। हालांकि, शासकीय नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल के इंचार्ज ने बताया सर्वर डाउन होने की वजह से फेस ऑथेंटिकेशन नहीं हो सका। परिजन बोले- किसी ने समस्या नहीं सुनी सीहोर से अपनी बहन को परीक्षा दिलाने भोपाल आए विवेक शर्मा ने बताया कि वे लगभग 50 किलोमीटर दूर अहमदपुर से आए थे। परीक्षा केंद्र पर एंट्री का समय सुबह 9.30 बजे था, लेकिन वे 9:27 बजे पहुंचे। इसके बावजूद गेट बंद कर दिया गया और उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि केंद्र के अधिकारियों से कई बार अनुरोध किया गया कि कुछ मिनट की देरी होने के बावजूद अंदर जाने दिया जाए, क्योंकि बाहर 8–10 अन्य छात्र भी खड़े थे। लेकिन अधिकारियों ने साफ मना कर दिया और किसी की बात नहीं सुनी। विवेक शर्मा ने कहा कि, एडमिट कार्ड पर भी यह स्पष्ट रूप से नहीं लिखा था कि एक-दो मिनट की देरी पर प्रवेश नहीं मिलेगा। कुछ लोगों को अंदर भेजा गया, लेकिन वे भी बिना किसी समाधान के वापस बाहर आ गए। किसी अधिकारी ने उनकी समस्या को ठीक से नहीं सुना। 3 शहरों में 17 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी देंगे परीक्षा प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों में इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। भोपाल में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5810 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इंदौर में 13 केंद्रों पर 5493 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि ग्वालियर में 7 केंद्रों पर 6030 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस तरह तीनों शहरों में कुल मिलाकर 17 हजार से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में बैठेंगे। फेस ऑथेंटिकेशन से हो रही पहचान परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार सभी केंद्रों पर फेस ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था की गई है। इसके तहत परीक्षार्थियों की पहचान तकनीक के माध्यम से सत्यापित की जा रही है। इसके अलावा परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले ही केंद्रों के गेट बंद कर दिए जा रहे है। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। साथ ही केंद्रों पर स्टाफ की तैनाती भी पर्याप्त संख्या में की गई है, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए समय का पालन बेहद जरूरी है।
देर से पहुंचने पर किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
